
वाराणसी : जनपद वाराणसी में विगत दिनों टमाटर के बढ़ते दाम के विरोध में समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता और सब्जी विक्रेता के द्वारा बाउंसर लगवाकर टमाटर बेचे जाने का मामला पूरे देश में सुर्खियों में रहा. समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के द्वारा बाउंसर लगाकर टमाटर विषय जाने पर बीजेपी पर व्यंग किया गया, तो वही अखिलेश यादव के ट्वीट के पश्चात सब्जी विक्रेता और समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता पर पुलिस ने कार्रवाई की. वाराणसी के लंका थाने में 3 नामजद और 2 अज्ञात के खिलाफ अफवाह फैलाने और माहौल बिगाड़ने के मामले में मुकदमा दर्ज किया गया. बाउंसर लगवाकर टमाटर जाने के आरोपी सब्जी विक्रेता राजनारायण और उसके बेटे को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया. वही बुधवार को सब्जी विक्रेता और उसके बेटे को जमानत पर जेल से रिहा किया गया.

जेल से सब्जी विक्रेता को रिसीव करने पहुंचे सपा के पदाधिकारी
बाउंसर लगवा कर टमाटर जाने के मामले को लेकर समाजवादी पार्टी का सक्रिय कार्यकर्ता अजय फौजी अभी भी फरार है. वहीं जेल में बंद सब्जी विक्रेता बुधवार को समाजवादी पार्टी के पदाधिकारियों की मदद से जमानत पर रिहा हुआ. वही सब्जी विक्रेता के जेल से निकलते ही दर्जनों की संख्या में जेल के बाहर खड़े समाजवादी पार्टी के पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं ने सब्जी विक्रेता और उसके बेटे का जोरदार स्वागत किया. समाजवादी पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता मनोज राय धूपचंडी ने सब्जी विक्रेता को माला पहनाकर स्वागत करते हुए हौसला अफजाई किया.

रविवार को प्रदेश के राजनीति को टमाटर ने किया था गरम…
गौरतलब है कि बीते रविवार को वाराणसी के लंका थाना क्षेत्र के नगवा में समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता ने प्रयागराज के झूंसी में हुए टमाटर की लूट की घटना को देखते हुए व्यंग्यात्मक प्रदर्शन किया था. इसे लेकर समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता ने नगवा स्थित एक सब्जी के दुकान पर बाउंसर लगवाकर टमाटर की बिक्री करवाई. सोशल मीडिया पर जब बाउंसर के साथ टमाटर की बिक्री का वीडियो और फोटो वायरल हुआ तो प्रदेश की राजनीति गरमा गई. वहीं समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया पर तस्वीरों को शेयर करते हुए बीजेपी सरकार से टमाटर को जेड प्लस सुरक्षा देने की बात कह डाली. इसके बाद वाराणसी में बिगड़ते माहौल को देखते हुए वाराणसी के लंका थाने की पुलिस ने इस पूरे मामले में सपा कार्यकर्ता अजय फौजी सहित सब्जी विक्रेता और उसके बेटे के साथ दो अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर दिया था.
रिपोर्ट : नीरज कुमार जायसवाल , वाराणसी









