
लखनऊ; रोजगार को लेकर योगी सरकार बड़े प्रयास कर रही है. प्राइवेट से लेकर सरकारी क्षेत्र में रोजगार के अवसर अपलब्ध हों इसको लेकर सरकार ने कई अहम कदम उठाए हैं. इसी क्रम में सीएम योगी आदित्यनाथ ने आज लोकभवन में 400 चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र सौंपा. इस दौरान सीएम योगी ने अपनी सरकार द्वारा किए गए कार्यों को भी गिनाया.
सीएम योगी ने कहा कि पिछले 6 वर्षों में पारदर्शी तरीके से भर्ती व नियुक्तियां हो रहीं हैं. सीएम ने कहा हमारा मिशन रोजगार जारी है.चयनित अभ्यर्थियों को शुभकामनाएं देते हुए सीएम योगी ने कहा कि अब चयन आयोग पर कोई सवाल नहीं उठा सकता. सीएम ने जानकारी देते हुए बताया कि पिछले 6 साल में 6 लाख नियुक्ति हुई हैं.
पिछली सरकारों पर आरोप लगाते हुए सीएम योगी ने कहा कि 2017 से पहले भर्तियों में भेदभाव होता था. लेकिन अब पारदर्शी तरीके से भर्ती होती है इसी कारण कोई भी नियुक्ति प्रक्रिया कोर्ट में नहीं जाती. सीएम ने कहा कि हम पीएम मोदी के विजन के अनुरूप काम कर रहे हैं. अब यूपी वालों के लिए पहचान का संकट समाप्त हो गया है.
रोजगार को लेकर सीएम ने कहा अब अपने ही राज्य में रोजगार मिल रहा है. नए रोजगार का सृजन हो रहा है. उत्तर प्रदेश के युवाओं को मंच मिल रहा है. UP देश में सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था की ओर अग्रसर है. सूबे में MSME सेक्टर को नई पहचान मिली है. सीएम ने कहा कि अब किसी तरह का भेदभाव नहीं होता. अखिलेश यादव व शिवपाल सिंह पर निशाना साधते हुए सीएम ने कहा कि भाई-भतीजावाद को जगह नहीं मिल रही है. अब हर काम निष्पक्ष तरीके से काम हो रहा है.









