
लखनऊ; मणिपुर घटना को लेकर देश की राजनीति गर्माई हुई है. घटना को लेकर विपक्षी दल भाजपा पर हमलावर हैं. कांग्रेस ने जहां इस घटना को लेकर दोनों संदन में जमकर हंगामा किया. वहीं अब बसपा प्रमुख मायावती ने ट्विटर के जरिए मणिपुर की सरकार व बीजेपी पर निशाना साधा है.
मायावती ने कहा कि मणिपुर में अनवरत जारी हिंसा व तनाव से पूरा देश चिन्तित है तथा महिला के साथ अभद्रता की ताजा घटना खासकर भाजपा व उनकी सरकार को शर्मसार करने वाली है. वैसे तो राज्य में कानून-व्यवस्था काफी पहले से चरमराई हुई है, किन्तु क्या बीजेपी अभी भी ऐसे मुख्यमंत्री को संरक्षण देती रहेगी?
गौरतलब है कि मणिपुर में पिछले कुछ महीनों से स्थितियां सामान्य नहीं है. प्रदेश भर में फैली जातीया हिंसा की वजह से कई लोगों की जान जा चुकी है. कई लोग घायल हुए हैं तो कई लोगों ने राहत शिविरों में शरण ली है. वहीं, अब मणिपुर में घटी एक घटना देश भर में चर्चा का विषय है. बीते बुधवार को मणिपुर की दो महिलाओं के साथ यौन उत्पीड़न का एक भयावह वीडियो सामने आया है. यहां दो महिलाओं को निर्वस्त्र कर घुमाने की घटना घटी है. जिसके बाद देश भर में विरोध जारी है.
मामले पर संज्ञान लेते हुए पीएम मोदी ने बयान दिया है. मानसून सत्र से पहले पीएम ने मीडिया बात करते हुए कहा कि मणिपुर जैसी घटनाओं से देश की बेइज्जती हो रही है. पीएम ने कहा कि दोषियों को बख़्शा नहीं जाएगा. पीएम ने घटना को लेकर गहरी चिंता जाहिर किया है. वहीं, वायरल वीडियो की पुष्टि मणिपुर पुलिस ने की है. बकौल पुलिस, इस मामले को लेकर मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है. मामले में अब तक एक आपोपी की गिरफ्तारी की गई है.









