
फुकरे फिल्म के दोनों पार्ट काफी हिट साबित हुए थे। ऐसे में मेकर्स फुकरे के तीसरे पार्ट को लेकर बड़े पर्दे पर फिर से लौट रहे है। वरुण शर्मा, पुलकित सम्राट, पंकज त्रिपाठी, ऋचा चड्ढा और मनजोत सिंह की फुकरे 3 की घोषणा काफी पहले हो चुकी थी।
फिल्म बनकर पूरी तरह से तैयार थी लेकिन फिल्म की रिलीज डेट को मेकर्स ‘सालार’ की रिलीज होने की वजह से टाल रहे थे।लेकिन कुछ दिनों पहले ही ‘सालार’ की रिलीज डेट टलने के बाद ‘फुकरे-3’ की रिलीज प्रीपोन होने की खबर सामने आई थी। अब इस बीच मेकर्स ने ‘फुकरे-3’ के लिए फैंस की एक्साइटमेंट को बरकरार रखते हुए फिल्म का ट्रेलर कब आएगा, इस सस्पेंस को भी खत्म कर दिया है।

जानकारी के मुताबिक फरहान अख्तर और रितेश सिधवानी के प्रोडक्शन में बनी फिल्म फुकरे 3 का ट्रेलर 5 सितंबर यानी कि मंगलवार को रिलीज होगा। हाल ही में मेकर्स ने ‘फुकरे-3’ से हर एक स्टार का यूनिक पोस्टर फैंस के साथ शेयर किया है। फिल्म में चूचा का किरदार निभाने वाले वरुण शर्मा ने कुछ देर पहले ही पूरी कास्ट का लुक अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर शेयर किया है। जिसमें वरुण शर्मा पोस्टर में मोर बने हुए नजर आ रहे हैं, वहीं हनी उर्फ पुलकित सम्राट लटके हुए दिखाई दिए। इसके अलावा पंकज त्रिपाठी आंखों पर गॉगल्स चढ़ाए सड़क के बीचों-बीच बैठे हुए हैं।









