
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में मंगलवार को हुई कैबिनेट की बैठक में कई अहम प्रस्तावों को मुहर लगी है। लोक भवन में चली कैबिनेट की बैठक में कई अहम निर्णय लिए गए हैं। नोएडा, ग्रेटर नोएडा और एनसीआर के लाखों लोगों के लिए खुशी की खबर आई है। राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) में अटकी आवासीय परियोजनाओं के करीब 2.40 लाख आवंटियों को राहत देने समेत 19 प्रस्तावों को कैबिनेट से मंजूरी मिली है।
एनसीआर में अटकी आवासीय परियोजनाओं के करीब 2.40 लाख आवंटियों को राहत देने के लिए योगी सरकार ने अहम फैसला लिया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में केंद्र सरकार के नीति आयोग के पूर्व सीईओ अमिताभ कांत की अध्यक्षता में गठित समिति की सिफारिशों को लागू करने का निर्णय लिया गया है।
कमेटी ने सिफारिश की थी कि यदि आवंटी ने पूरी धनराशि जमा कर दी है। इसके बावजूद यदि उसे कब्जा नहीं मिला है तो उसे मकान का कब्जा दिलाया जाए और उसकी रजिस्ट्री कराई जाए। वहीं अगर खरीदार घर में रह रहा है और उसकी रजिस्ट्री नहीं हुई है तो उसे रजिस्ट्री करानी चाहिए। इससे रुके हुए प्रोजेक्ट पूरे होंगे और खरीदारों को फ्लैट मिल सकेंगे।









