
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में टीबी को खत्म करने के लिए जांच की व्यवस्था को लगातार मजबूत किया जा रहा है। आधुनिक मशीनों से लैब को लैस किया जा रहा है। ताकि कम समय में टीबी की जांच जा सके। डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने बताया कि टीबी के खात्मे के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। वर्ष 2023 में देश में 22.34,689 टीबी मरीजों का नोटिफिकेशन हुआ। इसमें उत्तर प्रदेश का योगदान 5,45,630 रहा। जो कुल नोटिफिकेशन का लगभग 25 प्रतिशत है। उन्होंने बताया कि यह आंकड़ा देश में सबसे अधिक है। प्रदेश में सबसे अधिक मरीज खोजे गये हैं।
जाँच की सुविधा का हुआ विस्तार
डिप्टी सीएम ने बताया कि प्रदेश में टीबी रोगियों को बेहतर आधुनिक जाँच उपलब्ध कराने के लिए प्रयोगशाला नेटवर्क का विस्तार किया गया है। वर्तमान में प्रदेश में 166 सी0बी0 नॉट मशीनें स्थापित की गई है। 458 टूनॉट प्रयोगशाला हैं। 11 कल्चर प्रयोगशाला हैं। इन प्रयोगशाला में टीबी रोगियों की पहचान की जा रही है। जरूरत के हिसाब से और भी प्रयोगशाला स्थापित की जायेंगी।
लक्षण वालों की जाँच करें
ब्रजेश पाठक ने बताया कि प्रदेश में टीबी रोगियों की मुफ्त जाँच की सुविधा है। सरकारी संस्थानों में टीबी की मुफ्त दवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। उन्होंने स्वस्थ्य कार्यकर्ताओ से अधिक से अधिक लक्षण वाले मरीजों की टीबी की जाँच के निर्देश दिए हैं। समय पर जाँच से टीबी के प्रसार को रोकने में मदद मिल सकती है।









