
UP Weather Update: उत्तर प्रदेश में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। मौसम विभाग के अनुसार बुधवार और गुरुवार को घना कोहरा छाया रहेगा। तराई क्षेत्र के जिलों में अधिक घना कोहरा देखने को मिलेगा। मौसम विभाग की माने तो लखनऊ में अधिकतम और न्यूनतम तापमान में अंतर बढ़ा है। अधिकतम तापमान में एक डिग्री बढ़ोतरी और न्यूनतम तापमान में एक डिग्री की गिरावट दर्ज की गई है।
लखनऊ मौसम केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक मोहम्मद दानिश ने मीडिया से बात करते हुए बताया कि आज और कल दो दिन घना कोहरा छाया रहेगा। सुबह और शाम को अधिक कोहरा देखने को मिलेगा। जिसकी वजह से यातायात भी प्रभावित हो सकता है। विजिबिलिटी बेहद कम होने का अनुमान है। हो सके तो सुबह और शाम को निकलने से बचें। दिल के मरीज को इसका विशेष ध्यान देना चाहिए।
कैसा रहेगा लखनऊ का मौसम
लखनऊ में मंगलवार को सुबह शाम घना कोहरा छाया रहा। दिन में धूप निकलने की वजह से गलन से थोड़ी बहुत राहत मिली। मौसम विभाग के अनुसार आज सुबह-शाम घना कोहरा छाया रहेगा। अधिकतम तापमान 25 डिग्री जबकि न्यूनतम तापमान 11 डिग्री सेल्सियस रहने के आसार हैं।
इन जिलों में न्यूनतम तापमान
मौसम विभाग के अनुसार बाराबंकी, हरदोई, कानपुर शहर, कानपुर देहात, लखीमपुर खीरी, गोरखपुर, वाराणसी, बलिया, चुर्क, बहराइच, प्रयागराज, बरेली, शाहजहांपुर, नजीबाबाद, मुरादाबाद, मुजफ्फरनगर, मेरठ, आगरा, अलीगढ़ और बुलंदशहर में न्यूनतम तापमान सात डिग्री और अधिकतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस रहने के आसार हैं।
इसके अलावा फतेहपुर, बांदा, सुल्तानपुर, फैजाबाद, फुरसतगंज, गाजीपुर, फतेहगढ़, बस्ती, झांसी, उरई और हमीरपुर में न्यूनतम तापमान लगभग 10 डिग्री और अधिकतम तापमान करीब 19 डिग्री सेल्सियस रह सकता है।









