बर्फीली हवाओं के बीच कैलाश खेर ने सजाई सुरों की महफिल, कड़कड़ाती ठंड में गर्मजोशी से झूमे लोग

श्रोताओं का उल्लास बढ़ा तो उन्होंने मंच का पारा बढ़ाना शुरू किया। 'मोहे पिया के संग रंग दिन्ही' सुनाकर पहले जोश बढ़ाया।

संतकबीर नगर मगहर महोत्सव के तीसरे दिन देश के जाने माने मशहूर गायक कैलाश खेर के नाम रहा। उनके स्टेज पर आते ही खचाखच भरा पांडाल तालियों के गड़गड़ाहट से गूंज उठा। उन्होंने अपने गीतों से लोगों को झूमने पर मजबूर कर दिया।

कैलाश खेर ने अपने सुरों से मंच को सजाने की शुरुआत मशहूर गीत ‘जाना जोगी नाल दे’ सुनाकर की। श्रोताओं का उल्लास बढ़ा तो उन्होंने मंच का पारा बढ़ाना शुरू किया। ‘मोहे पिया के संग रंग दिन्ही’ सुनाकर पहले जोश बढ़ाया और फिर ‘प्रीति की लत मोहे ऐसे लागी’ पर तान छेड़कर लोगों को झुमा दिया। ‘तेरे नाम से जी लूं मैं तेरे नाम से मर जाऊं’ सुनाकर गीतों का सिलसिला उन्होंने आगे बढ़ाया तो उनके सुर का जादू श्रोताओं के सिर चढ़कर बोलने लगा।

बाहुबली फिल्म के गीत ‘जैजै जयकारा’ से उन्होंने इस क्रम को जारी रखा। चक दे इंडिया का गीत ‘चक लेन दे’ सुनाते हुए उन्होंने कुछ युवतियों को मंच पर बुलाया और कार्यक्रम को समापन की ओर पहुंचाया। युवा कैलाश के गीतों को गुनगुनाते हुए घर को लौटे। इस दौरान प्रभारी मंत्री विजय लक्ष्मी गौतम, महंत विचार दास, सांसद प्रवीण निषाद,विधायक गणेश चौहान, विधायक अनिल त्रिपाठी, कमिश्नर अखिलेश सिंह, डीएम महेंद्र सिंह तंवर, एसपी सत्यजीत गुप्त, एडीएम जय प्रकाश समेत अन्य लोग मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button