
श्रावस्ती में एक घर मे शादी की खुशियां उस समय मातम में बदल गयी,जब एक बेटे ने ही आक्रोश में आकर वृद्ध पिता की लाठी डंडों से पीटकर हत्या कर दी। बताया जा रहा है कि बेटी की शादी में खर्च के लिए एक बुजुर्ग बाप अपनी कुछ जमीन बेचना चाहता था, जिसे बेटे ने बेचने से मना किया। लेकिन पिता नहीं माना तो नाराज बेटे ने उसकी लाठी डंडों से पीटकर हत्या कर दी।
रिश्तों को शर्मसार करने वाली यह घटना थाना मल्हीपुर क्षेत्र के ग्राम पंचायत ओदाही के मजरा बढ़ई पुरवा गाँव की है। जहाँ पर 50 वर्षीय वृद्ध रामनिवास पुत्र बाबू अपनी पुत्री कलावती की शादी में खर्च के लिए रुपये न होने पर जमीन बेच रहा था।जिसकी भनक लगते ही दो दिन पूर्व वृद्ध के पुत्र अक्षय कुमार ने मना किया तो बाप- बेटे में शादी में खर्च के लिए रुपयों के इंतजाम पर बहस होंने लगी।
आसपास के लोगो ने समझा बुझाकर किसी तरह मामला शांत कराया। आज सुबह एक बार फिर उसी मामले को लेकर बाप- बेटे में कहासुनी शुरू हो गयी देखते ही देखते मामला इतना बढ़ा कि आक्रोशित युवक अक्षय कुमार ने लाठी डंडों से वृद्ध पिता की पिटाई शुरू कर दी।जबतक आसपास के लोग बीच बचाव कराते तबतक वृद्ध की हालत गंभीर हो चुकी थी।जिसे इलाज के लिए सीएचसी मल्हीपुर ले जाते समय रास्ते मे मौत हो गयी।सूचना पर पहुँची पुलिस ने शव को कब्जे में लिया और कार्यवाही में जुटी हुई है।









