लखनऊ में सूदखोरों की प्रताड़ना से त्रस्त चाट विक्रेता ने दी जान, परिजनों ने शव रखकर किया प्रदर्शन, मचा हड़कंप

लखनऊ: राजधानी लखनऊ के व्यस्ततम बाजार अमीनाबाद में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। लाल खंभा इलाके में पिछले 30 वर्षों से चाट की दुकान लगाने वाले अजय अग्रहरी ने फांसी लगाकर अपनी जान दे दी। अजय की मौत के बाद से इलाके में भारी आक्रोश है और परिजन सड़क पर शव रखकर प्रदर्शन कर रहे हैं।

परिजनों का आरोप है कि अजय लंबे समय से स्थानीय दबंग सूदखोरों के चंगुल में फंसा था। ये सूदखोर अजय से प्रतिदिन 500 रुपये की अवैध वसूली (रंगदारी) करते थे। मृतक के परिजनों ने खुलासा किया है कि 15 दिन पहले इन दबंगों ने अजय के साथ बेरहमी से मारपीट की थी। हद तो तब हो गई जब कल ये सूदखोर अजय की दुकान पर पहुंचे, वहां रखा सारा सामान फेंक दिया और उसे आगे दुकान न लगाने की धमकी दी।

रोजी-रोटी का जरिया छिन जाने और सूदखोरों के लगातार उत्पीड़न से अजय पूरी तरह टूट चुके थे। आर्थिक तंगी और मानसिक प्रताड़ना से हारकर उन्होंने घर पहुंचकर फांसी लगा ली। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों और परिजनों का गुस्सा फूट पड़ा। वे अमीनाबाद में न्याय की मांग करते हुए प्रदर्शन कर रहे हैं। परिजनों का कहना है कि अगर समय रहते पुलिस ने सूदखोरों पर कार्रवाई की होती, तो आज अजय जिंदा होते। फिलहाल, पुलिस मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभालने और आरोपियों की तलाश में जुट गई है। यह घटना शहर में अवैध वसूली करने वाले गिरोहों की सक्रियता पर भी बड़े सवाल खड़े कर रही है।

Related Articles

Back to top button