
सहारनपुर। खुद चार बच्चों का पिता होने के बावजूद एक व्यक्ति दो बच्चों की मां को शादी का झांसा देकर साथ ले गया और महीनों तक शारीरिक व मानसिक रूप से प्रताड़ित करता रहा। विरोध करने पर जान से मारने की धमकी देने और धर्म बदलने का दबाव डालने के आरोप में गंगोह पुलिस ने आरोपी सब्बन को गिरफ्तार कर लिया है।
शादी का वादा कर बनाए संबंध, फिर शुरू हुआ शोषण का दौर
पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार, पीड़िता से आरोपी ने विवाह का झांसा देकर शारीरिक संबंध स्थापित किए। इसके बाद लगातार उसका मानसिक और शारीरिक शोषण किया जाने लगा। जब भी महिला ने शादी की बात कही या दुर्व्यवहार का विरोध किया, आरोपी उसे जान से मारने की धमकी देता था।
धर्म परिवर्तन के लिए बना रहा था दबाव
शिकायत में यह भी कहा गया है कि आरोपी सब्बन पीड़िता पर लगातार अपना धर्म अपनाने के लिए दबाव डाल रहा था। मामला गंभीर होता देख पीड़िता ने गंगोह थाने में शिकायत दर्ज कराई।
एसएसपी के निर्देश पर हुई गिरफ्तारी
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के सीधे निर्देश पर गंगोह पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ अनुसूचित जाति/अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम के साथ-साथ उत्तर प्रदेश विधि विरुद्ध धर्म संपरिवर्तन प्रतिषेध अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। फिलहाल पुलिस मामले की विस्तृत जांच में जुटी है।









