
मेरठ: उत्तर प्रदेश के मेरठ में एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जहां एक युवक ने अपनी प्रेमिका को गोली मारने के बाद खुद को भी गोली मारकर आत्महत्या कर ली। घटना मेरठ के जोनल पार्क की बताई जा रही है, जहां दिनदहाड़े हुई इस वारदात से इलाके में हड़कंप मच गया।
जानकारी के मुताबिक, मृतक युवक की पहचान आदित्य प्रधान के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि आदित्य लॉरेंस गैंग का हथियार सप्लायर था। पुलिस के अनुसार, आदित्य और छात्रा के बीच पिछले करीब 4 साल से प्रेम संबंध थे।
इंस्टाग्राम के जरिए हुई थी दोनो की दोस्ती
बता दे कि दोनों की दोस्ती कोरोना काल के दौरान इंस्टाग्राम के जरिए हुई थी। बाद में छात्रा को पता चला कि आदित्य आपराधिक गतिविधियों में शामिल है और वह शातिर बदमाश है। इसके बाद छात्रा ने उससे दूरी बनानी शुरू कर दी थी। बताया जा रहा है कि करीब डेढ़ महीने पहले ही आदित्य जेल से बाहर आया था। बुधवार को उसने ट्यूशन से लौट रही छात्रा को रास्ते में रोक लिया। आरोप है कि शादी का प्रस्ताव ठुकराने पर आदित्य ने छात्रा पर तीन गोलियां चला दीं।
आदित्य ने दूसरी पिस्टल से खुद को भी दो गोलियां मार लीं
घायल छात्रा को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है। इसके बाद आदित्य ने दूसरी पिस्टल से खुद को भी दो गोलियां मार लीं, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस अब पूरे घटनाक्रम, हथियारों की उपलब्धता और आरोपी के आपराधिक रिकॉर्ड की जांच कर रही है।









