
बुलंदशहर: उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जिले से एक देश के रक्षक (फौजी) और एक कानून के रखवाले (पुलिसकर्मी) के बीच का पारिवारिक और कानूनी विवाद इन दिनों सोशल मीडिया से लेकर गलियारों तक भारी चर्चा का विषय बना हुआ है। दरअसल, भारतीय सेना के फौजी देवदर्शन ने उत्तर प्रदेश पुलिस के सिपाही सनी पर अपनी पत्नी जान्ह्वी को बहला-फुसलाकर भगाने का बेहद गंभीर आरोप लगाया था। सिपाही पर फौजी की पत्नी को गायब करने के संगीन आरोपों के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया था। लेकिन अब इस पूरे मामले में फौजी की पत्नी जान्ह्वी का एक विस्फोटक वीडियो बयान सामने आने के बाद पूरी कहानी उलट गई है।
“जबरन कराई गई थी शादी, वापस नहीं लौटूंगी”
फौजी के आरोपों के बीच उसकी पत्नी जान्ह्वी ने खुद एक वीडियो जारी कर अपने पति देवदर्शन पर प्रताड़ना और अत्यधिक पाबंदियां लगाने के गंभीर आरोप लगाए हैं। वीडियो में जान्ह्वी ने साफ तौर पर कहा, “मेरी फौजी देवदर्शन के साथ जबरन कोर्ट मैरिज कराई गई थी। शादी के बाद से ही वह मुझे मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित कर रहा था और मुझ पर कई तरह की पाबंदियां लगा दी थीं। मैंने अपनी मर्जी से वह घर छोड़ा है और मैं अब किसी भी कीमत पर वापस नहीं लौटूंगी।”









