
अमेठीः 19 दिसंबर से शुरू होने वाली अग्निवीर सेना भर्ती रैली को लेकर शहर स्थित डॉ. भीमराव आंबेडकर स्टेडियम में तैयारी तेज कर दी गई हैं। अभ्यर्थियों को निशुल्क ठहराने के लिए शहर स्थित बस स्टेशन के पास रैन बसेरा, आवास विकास कॉलोनी स्थित बरातघर, स्टेडियम के समीप स्थित पंचायत भवन व प्राथमिक विद्यालय को चिन्हित किया गया है। शहर स्थित सेना भर्ती कार्यालय के संयोजन में स्टेडियम परिसर में 19 से 29 दिसंबर तक अग्नि वीर भर्ती चलेगी। ठंड को देखते हुए अभ्यर्थियों के लिए 4 रैन बसेरे बनाये गये हैं।
डॉ भीमराव आंबेडकर स्टेडियम परिसर में 19 दिसंबर से शुरू होने वाली अग्निवीर भर्ती रैली के लिए सेना के जवानों ने भर्ती स्थल पर डेरा डाल दिया है। भर्ती प्रक्रिया से संबंधित तैयारी शुरू कर दी गई है। शहर स्थित सेना भर्ती कार्यालय के संयोजन में डॉ भीमराव अंबेडकर स्टेडियम परिसर में 19 से 29 दिसंबर तक चलने वाली भर्ती प्रक्रिया में अग्निवीर जनरल ड्यूटी, टेक्निकल, क्लर्क स्टोर कीपर टेक्निकल, ट्रेड्समैन के लिए 13 जिलों के करीब दस हजार से अधिक अभ्यर्थी चयन प्रक्रिया में शामिल होंगे। अभ्यर्थियों की शारीरिक दक्षता एवं मेडिकल परीक्षण होगा।
बता दें कि भर्ती में अमेठी क्षेत्र में आने वाले 13 जिले शामिल है। इसमें अंबेडकरनगर, बस्ती, कौशांबी, रायबरेली, कुशीनगर, प्रतापगढ़, सिद्धार्थनगर, संत कबीर नगर, सुल्तानपुर, प्रयागराज, महाराजगंज, अमेठी और अयोध्या जिलों के अभ्यर्थियों को अमेठी सेंटर पर बुलाया गया है। अग्नि वीर भर्ती रैली के लिए सेना का एक दल पहुंचा है। करीब ढाई सौ से अधिक जवान स्टेडियम परिसर में पहुंचकर व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने में लगे हैं। सेना भर्ती कार्यालय के कर्नल सुनील कुमार मोरे ने बताया कि पूरी पारदर्शिता के साथ भर्ती प्रक्रिया होगी। अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की समस्या ना हो इसके लिए प्रशासन से समन्वय स्थापित कर व्यवस्थाएं सुनिश्चित कराई जा रही हैं।
रविवार को सेना भर्ती कार्यालय के कर्नल सुनील कुमार मोरे, एसडीएम प्रीति तिवारी, सीओ लल्लन सिंह, एसओ अरुण द्विवेदी आदि ने भर्ती की तैयारियों का निरीक्षण किया।
इन जगहों पर रहेगी बैरीकेडिंग
स्टेडियम में अग्निवीर भर्ती रैली को लेकर जगह-जगह बैरीकेडिंग आदि की व्यवस्था की जा रही है। मुंशीगंज मार्ग से जंगल रामनगर को जाने वाले मार्ग पर स्टेडियम मोड़ के पास बैरीकेडिंग रहेगी। स्टेडियम के अंदर सिर्फ अग्निवीर अभ्यर्थी व संबंधित अफसर अंदर ही प्रवेश कर सकेंगे। जन सामान्य और अन्य लोगों के लिए स्टेडियम में प्रवेश वर्जित रहेगा।









