एम्स गोरखपुर ने फैकल्टी भर्ती का रिजल्ट किया जारी, एनेस्थीसिया-न्यूरो सर्जरी समेत 15 डॉक्टर चयनित, इन विभागों में नहीं मिला एक भी उम्मीदवार

गोरखपुर। अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) गोरखपुर ने शुक्रवार को फैकल्टी पदों पर भर्ती के लिए आयोजित साक्षात्कार का परिणाम घोषित कर दिया। चयनित अभ्यर्थियों की सूची के साथ ही प्रतीक्षा सूची भी जारी की गई है, ताकि किसी चयनित चिकित्सक के शामिल न होने की स्थिति में वेटिंग लिस्ट वालों को मौका दिया जा सके। प्रबंधन ने साफ किया है कि चयनितों की पात्रता और मूल दस्तावेजों के सत्यापन के बाद ही नियुक्ति की अंतिम प्रक्रिया पूरी की जाएगी।

किस विभाग में किसका हुआ चयन?

कार्यकारी निदेशक डॉ. विभा दत्ता के अनुसार, एनेस्थीसिया विभाग में सहायक प्रोफेसर पद पर डॉ. मैनाक बैद्य और डॉ. दीपक कुमार निराला का चयन हुआ, जबकि डॉ. नूतन को प्रतीक्षा सूची में जगह मिली। न्यूरो सर्जरी में डॉ. अभिषेक कुमार और डॉ. प्रदीप कुमार चयनित हुए, वहीं दो अन्य को वेटिंग लिस्ट में रखा गया। नेत्र रोग विभाग में अतिरिक्त प्रोफेसर पद पर डॉ. अलका त्रिपाठी, आर्थोपेडिक्स में एसोसिएट प्रोफेसर पद पर डॉ. आनंद कुमार सिंह और पीडियाट्रिक्स में अतिरिक्त प्रोफेसर के लिए डॉ. अजीत कुमार यादव का चयन किया गया।

पल्मोनरी मेडिसिन में डॉ. संदीप कुमार सहायक प्रोफेसर बने। रेडियोथेरेपी में डॉ. विश्वदीप मिश्रा चयनित हुए और डॉ. हरिकेश बहादुर सिंह प्रतीक्षा सूची में रहे। सर्जिकल गैस्ट्रोएंटरोलॉजी में डॉ. अजय कुमार यादव, सर्जिकल ऑन्कोलॉजी में डॉ. विपुल गोयल, ट्रांसफ्यूजन मेडिसिन में डॉ. अरुण एम और ट्रॉमा एंड इमरजेंसी में डॉ. नम्रता माथुर व डॉ. आलोक का चयन हुआ। वहीं, मनोरोग विभाग में संविदा भर्ती के तहत डॉ. मोहिता जोशी को चुना गया और डॉ. मोहम्मद राशिद आलम को प्रतीक्षा सूची में रखा गया।

इन विभागों में नहीं मिला कोई उम्मीदवार

फोरेंसिक मेडिसिन, जनरल मेडिसिन, पैथोलॉजी (नियमित) और पैथोलॉजी (संविदा) विभागों में किसी भी अभ्यर्थी को पद के लिए उपयुक्त नहीं पाया गया।

Related Articles

Back to top button