अमरोहा में आठ साल की बच्ची के साथ युवक ने किय़ा दुष्कर्म, आधी रात आरोपी के घर पर चला बुलडोजर

अमरोहा – रहरा थाना क्षेत्र के एक गांव में सोमवार दोपहर करीब 2 बजे पड़ोसी युवक द्वारा आठ साल की बच्ची से रेप का मामला सामने आया है। पीड़िता अनुसूचित परिवार से थी और आरोपी दूसरे समुदाय का था, इसलिए पुलिस ने बिना देर किए रिपोर्ट दर्ज कर ली। वहीं, आरोपी को सरेंडर करने की चेतावनी देते हुए शाम को उसके घर पर दो बुलडोजर चढ़ा दिए गए। पकड़े न जाने पर रात में बुलडोजर से घर गिराने की कार्रवाई शुरू कर दी। एसडीएम ने बताया कि आरोपी के घर के कुछ हिस्से में अवैध निर्माण था, जिस पर बुलडोजर की कार्रवाई की गई।

घरवालों का कहना है कि 18 साल के आरोपी के पड़ोस में होने की वजह से बच्ची उसके बहकावे में आ गई और घूमने के नाम पर उसके साथ भैंसा बुग्गी में बैठ गई। आरोपी उसे खेत में ले गया और उसके साथ दरिंदगी की। रोती हुई बच्ची घर लौटी फिर घरवाले बच्ची को सीधे पुलिस स्टेशन ले गए।

संगीन घटना की जानकारी मिलने पर SP लखन सिंह यादव मौके पर पहुंचे। परिवार की तहरीर पर तुरंत आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई। गांव में फोर्स तैनात करने के साथ ही फरार आरोपी की तलाश के लिए टीमें लगाई गईं। इस बीच, पुलिस ने शाम करीब सात बजे आरोपी के घर के बाहर दो बुलडोजर खड़े कर दिए और चेतावनी दी कि अगर तुरंत सरेंडर नहीं किया तो घर गिरा दिया जाएगा। इसके बाद भी जब आरोपी गिरफ्त में नहीं आया तो रात करीब नौ बजे बुलडोजर चलाने की कार्रवाई शुरू हुई। करीब आधे घंटे की कार्रवाई में घर का एक बड़ा हिस्सा गिरा दिया गया।

Related Articles

Back to top button