
उत्तर प्रदेश के औरैया में एक अनोखी प्रेम कहानी चर्चा का विषय बनी हुई है। यहां 75 वर्षीय रामसुगर और 30 वर्षीय इंस्टाग्राम ब्लॉगर रानी राजपूत ने शादी करने का फैसला किया है। दोनों की सगाई का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद इस रिश्ते को लेकर इलाके में चर्चाएं तेज हो गई हैं।
बेटी के घर वीडियो शूट करने आती थीं रानी राजपूत
जानकारी के मुताबिक, रामसुगर औरैया जिले के सहार ब्लॉक के अरियारी गांव के रहने वाले हैं। उनकी बेटी राधा यूट्यूबर हैं और रानी राजपूत उनके घर वीडियो शूट करने आया करती थीं। इसी दौरान रानी का रामसुगर के घर आना-जाना बढ़ा और धीरे-धीरे दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ गईं।
रामसुगर ने बताया कि रानी पिछले करीब दो वर्षों से उनके घर आती-जाती थीं। उनकी पत्नी का लगभग सात वर्ष पहले निधन हो चुका है। अब रामसुगर ने रानी को अपना हमसफर बनाने का फैसला किया है।
ब्यूटी पार्लर में हुई सगाई, वीडियो वायरल
रामसुगर की बेटी राधा के मुताबिक, करीब एक सप्ताह पहले औरैया के एक ब्यूटी पार्लर में रामसुगर और रानी राजपूत की सगाई हुई थी। सगाई का वीडियो इंस्टाग्राम पर साझा किए जाने के बाद तेजी से वायरल हो गया।
वीडियो सामने आने के बाद से ही इस रिश्ते की चर्चा आसपास के इलाकों में हो रही है। दोनों की उम्र में 45 साल का अंतर होने के कारण भी यह प्रेम कहानी लोगों का ध्यान खींच रही है।
जल्द सात फेरे लेने की तैयारी
परिजनों के अनुसार, दोनों की शादी की तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। परिवार की सहमति और दोनों की रजामंदी से जल्द ही पूरे रीति-रिवाज के साथ विवाह संपन्न कराने की तैयारी है।
फिलहाल, रामसुगर और रानी राजपूत की सगाई का वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा में है और लोग इस अनोखी प्रेम कहानी को लेकर अपनी प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं।









