
सीतापुर के सकरन थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जहां लखनऊ से अपने घर लौट रही एक युवती को दरिंदगी का शिकार बनाया गया। पीड़ित युवती बस में सवार होकर अपने गांव आ रही थी, तभी रास्ते में गांव के ही आरोपी युवक अनूप पर उसे जबरन बस से नीचे उतारने का आरोप लगा है।
घटना के अनुसार, आरोपी ने सुनसान जगह पर युवती के साथ मारपीट की और उसे जबरन विषाक्त (ज़हरीला) पदार्थ पिला दिया। इतना ही नहीं, आरोपी ने युवती के पास मौजूद नकदी और मोबाइल फोन भी छीन लिया। वारदात के दौरान युवती ने खुद को बचाने के लिए शोर मचाया, जिसकी आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण और राहगीर तुरंत मौके की ओर दौड़े।
ग्रामीणों को अपनी तरफ आता देख आरोपी अनूप युवती को मरणासन्न हालत में छोड़कर मौके से फरार हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से गंभीर रूप से झुलसी युवती को तुरंत पास के अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उसकी नाजुक हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया है। घटना की सूचना मिलते ही सकरन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन शुरू कर दी।









