
केन्द्र सरकार ने एक तरफ ट्रिपल तलाक के मामलों पर रोक लगाई है वहीं दूसरी और उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले के बन्नादेवी थाना क्षेत्र से ट्रिपल तलाक और हलाला के नाम पर उत्पीड़न का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। पीड़िता का आरोप है कि उसके पति ने पहले उसे ट्रिपल तलाक दिया और फिर दोबारा साथ रहने के लिए अपने दो सगे भाइयों के साथ उसका हलाला कराया।
बता दें, पीड़िता के मुताबिक आरोपियों ने उसे कई दिनों तक घर में बंधक बनाकर रखा और उसके साथ गंभीर शारीरिक उत्पीड़न किया। किसी तरह पीड़िता ने गुप्त रूप से अपने परिजनों को व्हाट्सएप मैसेज भेजकर पूरी आपबीती बताई। सूचना मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पीड़िता को बंधक मुक्त कराया।
बंधक से मुक्त होने के बाद पीड़िता करणी सेना के पदाधिकारियों के साथ एसपी सिटी दफ्तर पहुंची और पुलिस अधीक्षक से आरोपियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की गुहार लगाई। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी सिटी आदित्य बंसल ने तत्काल जांच के आदेश जारी कर दिए हैं। पुलिस अब पीड़िता के पति और दोनों देवरों के खिलाफ कानूनी शिकंजा कसने में जुट गई है।









