
मथुरा: सावन माह के पहले सोमवार पर नगर के सभी शिव मंदिर सजाए गए हैं। शिव भक्तों की उमड़ने वाली भीड़ को देखते हुए मंदिर संचालकों ने भी पर्याप्त इंतजाम किये हैं। शहर के प्रमुख शिव मंदिरों में रंगेश्वरनाथ, गलतेश्वर महादेव, भूतेश्वर महादेव, गोकर्णनाथ महादेव आदि प्रमुख मंदिरों में भव्य सजावट की गई है श्रावण मास के पहले दिन सवेरे से शिव भक्तों का शिव मंदिरों मे तांता लगा हुआ है। भीड़ को लेकर पर्याप्त इंतजाम किए गए हैं।

सावन का महीना भगवान शंकर जी को अत्यंत प्रिय है। एक मास तक पूजा अर्चना का महत्व बताया गया है, जो लोग श्रावण मास में पूजा व्रत नहीं कर सकते वे सोमवार को पूजा अर्चना-व्रत एवं रुद्राभिषेक कर सकते हैं। श्रावण मास में सोमवार को पूजा अर्चना से प्रसन्न होकर भोलेनाथ धन, यश, विद्या और ऐश्वर्य प्रदान करते हैं।

इस मास में दीपदान की विशेष महिमा है। जो लोग शिव मंदिर में दीपदान करते हैं जितने समय तक दीपक शिव मंदिर में जलता है उतने हजार वर्षों तक वह भक्त स्वर्ग में राज्य करता है और शंकर जी का कृपा पात्र बना रहता है ऐसा कहा जाता है। मथुरा की पंचकोसीय परिक्रमा मार्ग स्थित भूतेश्वर नाथ महादेव शहर कोतवाल के रूप में विख्यात हैं। यहां सुबह से ही महादेव जी का जलाभिषेक करने वालों की लंबी कतार लगी है।

शहर के प्राचीन मंदिर भूतेश्वर महादेव मंदिर, रंगेश्वर महादेव मंदिर,गलतेश्वर महादेव मंदिर, चिंताहरण महादेव मंदिर पर श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ रहा है शिव मंदिरों में भक्तों की भारी भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम बात किए हैं।









