
वाराणसी : उत्तर प्रदेश के वाराणसी जिले में साइबर टीम और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में एक फर्जी कॉल सेंटर का खुलासा हुआ है। पुलिस ने महमूरगंज स्थित शाही टावर में छापेमारी कर 21 युवतियों और 11 युवकों को हिरासत में लिया है। बताया जा रहा है कि यह कॉल सेंटर ट्रेडिंग कंपनी के नाम पर लोगों को ठगने का काम कर रहा था।
पुलिस के अनुसार, कॉल सेंटर संचालक लोगों को निवेश पर बेहतर मुनाफे का झांसा देकर अपने जाल में फंसाते थे। इसके बाद उनसे ऑनलाइन पैसे जमा कराए जाते थे। शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपी ट्रेडिंग के अलावा डिजिटल मार्केटिंग के नाम पर भी लोगों से धोखाधड़ी कर रहे थे।
देश के साथ-साथ विदेशों में रहने वाले नागरिकों को भी निशाना बनाया
पुलिस को आशंका है कि इस गिरोह ने देश के साथ-साथ विदेशों में रहने वाले नागरिकों को भी निशाना बनाया है। छापेमारी के दौरान पुलिस टीम ने कई महत्वपूर्ण दस्तावेज, कंप्यूटर सिस्टम और डिजिटल डेटा को कब्जे में लिया है। इनकी जांच के जरिए ठगी के नेटवर्क और उससे जुड़े लोगों की जानकारी जुटाई जा रही है।
हिरासत में लिए गए लोगों से पूछताछ कर रही पुलिस
यह कार्रवाई भेलूपुर थाना क्षेत्र में की गई है। पुलिस अब हिरासत में लिए गए लोगों से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने में जुटी है कि फर्जी कॉल सेंटर कब से संचालित हो रहा था और अब तक कितने लोगों को ठगी का शिकार बनाया गया है।साइबर अपराधों पर लगाम लगाने के लिए पुलिस लगातार ऐसे फर्जी कॉल सेंटरों के खिलाफ अभियान चला रही है।









