ईरान के परमाणु ठिकाने को लेकर ट्रंप का बड़ा बयान, पिकैक्स माउंटेन पर हमले की चेतावनी

डेस्क : ईरान और अमेरिका के बीच तनाव एक बार फिर बढ़ता दिखाई दे रहा है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने शुक्रवार को संकेत दिया कि अमेरिका ईरान के बेहद सुरक्षित भूमिगत परमाणु परिसर पिकऐक्स माउंटेन को निशाना बना सकता है। यह परिसर नतांज यूरेनियम संवर्धन केंद्र के पास स्थित है और पहाड़ के भीतर काफी गहराई में बनाया गया है।

बता दे कि ट्रंप ने ओवल ऑफिस में पत्रकारों से बातचीत के दौरान कहा कि अमेरिकी खुफिया एजेंसियां पिकऐक्स माउंटेन में होने वाली गतिविधियों पर लगातार नजर रख रही हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर वहां कुछ ऐसा होता है जिसे अमेरिका गलत मानता है, तो उस ठिकाने के खिलाफ बड़ा सैन्य हमला किया जा सकता है।

‘हमें पता है वहां कौन आ-जा रहा है’

ट्रंप ने ईरान को लेकर बेहद कड़ा रुख अपनाते हुए कहा कि अमेरिका को पिकऐक्स माउंटेन की गतिविधियों की जानकारी है। उन्होंने दावा किया कि अमेरिकी एजेंसियां ईरान के अंदर होने वाली गतिविधियों पर करीबी नजर बनाए हुए हैं।

ट्रंप ने कहा कि अगर वहां किसी तरह की संदिग्ध गतिविधि सामने आती है तो अमेरिका की ओर से जोरदार कार्रवाई की जा सकती है। उनके इस बयान के बाद पश्चिम एशिया में तनाव और बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।

परमाणु हथियार को लेकर ट्रंप का बड़ा दावा

अमेरिकी राष्ट्रपति ने ईरान के खिलाफ चल रहे अमेरिकी सैन्य अभियान का बचाव करते हुए कहा कि इसका प्रमुख मकसद ईरान को परमाणु हथियार हासिल करने से रोकना है। ट्रंप ने कहा कि अमेरिका पिछले पांच महीनों से इस दिशा में काम कर रहा है। उन्होंने दावा किया कि यह सुनिश्चित किया गया है कि ईरान के पास परमाणु हथियार न हों। ट्रंप ने यह भी कहा कि अगर ईरान के पास परमाणु हथियार होते तो स्थिति बेहद खतरनाक हो सकती थी।

क्यों खास है पिकऐक्स माउंटेन ?

पिकऐक्स माउंटेन ईरान के नतांज परमाणु परिसर के आसपास मौजूद बेहद सुरक्षित भूमिगत ठिकानों में से एक बताया जाता है। इसकी सबसे बड़ी खासियत इसका जमीन के काफी नीचे होना है।

रिपोर्टों के मुताबिक, इस परिसर में पहाड़ के अंदर गहराई में दो बड़े सुरंग कॉम्प्लेक्स मौजूद हैं। इसकी भौगोलिक स्थिति और मजबूत सुरक्षा व्यवस्था के कारण किसी सैन्य हमले में इसे नुकसान पहुंचाना आसान नहीं माना जाता।वॉल स्ट्रीट जर्नल की रिपोर्ट के हवाले से बताया गया है कि इजरायली खुफिया एजेंसियों का आकलन है कि ईरान ने बड़ी संख्या में सेंट्रीफ्यूज को इस भूमिगत परिसर में स्थानांतरित किया है।

रूस-यूक्रेन युद्ध पर भी ट्रंप की नजर

ईरान के मुद्दे के अलावा ट्रंप ने रूस-यूक्रेन युद्ध को लेकर भी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि उनके विशेष दूत स्टीव विटकाफ और उनके दामाद जेरेड कुशनर रूस और यूक्रेन का दौरा करने वाले हैं।ट्रंप के मुताबिक, दोनों प्रतिनिधि युद्ध खत्म करने से जुड़े एक प्रस्ताव पर चर्चा के लिए दोनों देशों का दौरा करेंगे।

ईरान को लेकर ट्रंप की ताजा चेतावनी ऐसे समय आई है जब क्षेत्र में पहले से ही सैन्य और भू-राजनीतिक तनाव बना हुआ है। पिकऐक्स माउंटेन को लेकर अमेरिकी राष्ट्रपति के बयान से आने वाले दिनों में स्थिति पर दुनिया की नजरें टिकी रहेंगी।

Related Articles

Back to top button