राज्यपाल आनंदी बेन ने गोरखपुर यूनिवर्सिटी की खोली पोल, बोलीं- सीएम योगी के शहर में ऐसी लापरवाही नहीं चलेगी; टिफिन से आ रहे ड्रग्स!

गोरखपुर। उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदी बेन पटेल गुरुवार को गोरखपुर यूनिवर्सिटी के दीक्षांत समारोह में शामिल हुईं, लेकिन यहां उन्होंने यूनिवर्सिटी की जमीनी हकीकत पर ऐसी चटखारेदार टिप्पणी की कि पूरे सभागार में सन्नाटा छा गया। राज्यपाल ने दो टूक अंदाज में कहा कि यह गोरखपुर है, जहां खुद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ विराजमान हैं, ऐसे में यहां इतनी बड़ी कमियां बिल्कुल बर्दाश्त नहीं की जा सकतीं। उनका यह भाषण अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

मैं माँ हूं, बच्चों का शुद्ध खाना मेरा हक है

राज्यपाल ने बताया कि वह गोरखपुर यूनिवर्सिटी में रुकी थीं और इसी दौरान उन्होंने खुद जाकर हॉस्टल, मेस और दूसरी सुविधाओं का मुआयना किया। उन्होंने फूड सप्लायर्स को बुलाकर खाने के सैंपल भी चेक किए और अधिकारियों को पूरी जांच के आदेश दिए। वह बोलीं, मैं राज्यपाल के तौर पर नहीं, बल्कि एक मां के तौर पर कह रही हूं कि हमारे बच्चों की खुराक शुद्ध होनी चाहिए। ऐसा ही खाते रहेंगे तो दिमाग ही नहीं चलेगा। उन्होंने वीसी को निर्देश दिया कि जो भी रिपोर्ट आए, वह सीधे उन्हें सौंपी जाए।

टिफिन में खाना आएगा तो ड्रग्स भी आएगा

राज्यपाल ने सबसे कड़ा रुख बॉयज हॉस्टल की मेस व्यवस्था पर अपनाया। उन्होंने कहा कि गर्ल्स हॉस्टल में तो मेस चल रही है, लेकिन लड़कों के हॉस्टल में यह सुविधा बंद है और छात्र बाहर से टिफिन मंगवाते हैं। उन्होंने साफ चेतावनी देते हुए कहा, टिफिन में खाना आएगा तो उसमें ड्रग्स भी आएगा। टिफिन में सब कुछ आएगा। इस पर रोक लगवाइए। आप खुद अरेंज करो, बाजार से लाना है तो ऑर्डर करके किसी को पकाने के लिए दे दो, लेकिन टिफिन बंद होनी चाहिए।

तीन महीने में सब ठीक करने का अल्टीमेटम

राज्यपाल ने इंटरनेट की खस्ता हालत, बिजली कटौती और कैंपस में फैली गंदगी पर भी नाराजगी जताई। उन्होंने अपने संबोधन में पूरी रिपोर्ट पढ़ते हुए कहा कि जो भी कमियां हैं, उन्हें बताना उनकी जिम्मेदारी है और अगले तीन महीनों के भीतर हर हाल में इन्हें दुरुस्त किया जाना चाहिए।

Related Articles

Back to top button