मेरठ में दादा की हत्या करने वाले पोते गिरफ्तार, 20 बीघा जमीन के लिए मारी थी गोली, फिर चाकू से गोदा

मेरठ : उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले के सरूरपुर थाना क्षेत्र के करनावल कस्बे में 82 साल के विजयपाल की हत्या के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान निक्की पुत्र शैलेंद्र और सागर पुत्र राजीव के रूप में हुई है। जो मृतक का पोता है। पुलिस के मुताबिक, घटना के बाद दोनों आरोपी हरिद्वार गए थे और लौटते समय उन्हें टेक्निकल सबूतों और मोबाइल लोकेशन के आधार पर सरूरपुर इलाके में गिरफ्तार किया गया।

पुलिस का कहना है कि सरूरपुर थाना पुलिस और सर्विलांस टीम पिछले दो दिनों से आरोपियों की तलाश में संभावित जगहों पर लगातार दबिश दे रही थी। आरोपियों से पूछताछ जारी है। पुलिस ने उनकी निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल पिस्टल, भाला, बाइक और एक कार बरामद करने का दावा किया है।

धारदार हथियार और गोलियों से उनकी हत्या कर दी गई

बता दें कि गुरुवार को विजयपाल गांव की चौपाल पर बैठे थे। इसी दौरान धारदार हथियार और गोलियों से उनकी हत्या कर दी गई। घटना के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए। शुरुआती जांच के मुताबिक, परिवार में करीब 20 बीघा जमीन की वसीयत को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। पुलिस के मुताबिक, मृतक विजयपाल अपनी ज़मीन अपने दूसरे पोतों राहुल और भानु के नाम करना चाहता था। इसी वजह से परिवार में कई बार झगड़ा होता था। घटना वाले दिन भी इसी बात पर कहासुनी हुई, जिसके बाद हत्या की वारदात को अंजाम दिया गया।

मामले की जांच जारी

एसपी देहात अभिजीत कुमार ने बताया कि मामले की जांच चल रही है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि साजिश में और लोगों का कोई रोल तो नहीं था। गिरफ्तार किए गए दोनों आरोपियों को रविवार को कोर्ट में पेश किया जाएगा और आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Back to top button