
मेरठ: उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले के बहसूमा थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहां एक कलयुगी प्रेमी ने अपनी प्रेमिका से शादी करने की चाह में उसके 7 साल के मासूम बेटे अंगद का दिनदहाड़े अपहरण कर बेरहमी से कत्ल कर दिया। आरोपी की पहचान अर्पित शर्मा के रूप में हुई है, जो HDFC बैंक में एरिया मैनेजर के पद पर तैनात है।
आरोपी अर्पित बच्चे की मां से शादी करना चाहता था और इस रास्ते में मासूम अंगद को सबसे बड़ा रोड़ा मान रहा था। शादी का दबाव बनाने और रास्ते से हटाने के लिए उसने पहले बच्चे का अपहरण किया और फिर उसकी हत्या कर शव को रामराज क्षेत्र की नहर में फेंक दिया।
इस पूरे मामले में मेरठ पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं, क्योंकि परिजनों द्वारा शिकायत किए जाने के बाद भी पुलिस 24 घंटे तक मासूम को ढूंढने में पूरी तरह नाकाम रही। हालांकि, जब पुलिस ने शक के आधार पर मां के प्रेमी अर्पित शर्मा को हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ की, तो उसने अपना गुनाह कबूल कर लिया। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस प्रशासन और गोताखोरों की टीमें नहर में मासूम अंगद के शव को तलाशने में जुटी हैं। इस जघन्य हत्याकांड ने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया है।









