जौनपुर पुलिस को मिली बड़ी सफलता, दूल्हा हत्याकांड का मुख्य आरोपी मुठभेड़ में ढेर

जौनपुर के चर्चित आजाद बिंद दूल्हा हत्याकांड में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने एक लाख रुपये के इनामी आरोपी रवि यादव को मुठभेड़ में...

जौनपुर के चर्चित आजाद बिंद दूल्हा हत्याकांड में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने एक लाख रुपये के इनामी आरोपी रवि यादव को मुठभेड़ में मार गिराया। इस दौरान लाइन बाजार थाना प्रभारी केके सिंह के हाथ में गोली लग गई। मुठभेड़ के दौरान रवि यादव का एक साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस दबिश दे रही है।

रविवार रात यह मुठभेड़ खेतासराय थाना क्षेत्र के गोरारी के पास हुई। पुलिस को सूचना मिली थी कि रवि यादव इलाके में मौजूद है। सूचना मिलते ही कई थानों की फोर्स ने मौके पर घेराबंदी कर दी। इसी दौरान बाइक पर दो युवक आते दिखाई दिए। पुलिस टीम ने उन्हें रुकने का इशारा किया, लेकिन बाइक सवारों ने फायरिंग शुरू कर दी।

फायरिंग में लाइन बाजार थाना प्रभारी घायल हो गए। एक गोली दूसरे पुलिसकर्मी की बुलेट प्रूफ जैकेट में भी लगी। इसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें एक बदमाश के सीने में गोली लग गई। पास जाकर देखने पर उसकी पहचान रवि यादव के रूप में हुई। उसे जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

बता दें कि बीते एक मई को बारात लेकर जा रहे दूल्हे आजाद बिंद की खेतासराय थाना क्षेत्र के मनेछा में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस मामले में पुलिस को प्रदीप बिंद, रवि यादव और शोले राजभर की तलाश थी। तीनों पर एक-एक लाख रुपये का इनाम घोषित किया गया था।

Related Articles

Back to top button