
उत्तर प्रदेश के बहराइच में आदमखोर भेड़िये का आतंक रुकने का नाम नहीं ले रहा है. वही अब खैरीघाट इलाके में मां के साथ सो रहे 5 साल के बच्चे को भेड़िया जबड़े में दबाकर उठा ले गया. मां के शोर मचाने पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई. भेड़िये के हमले की बात सुनते ही पूरे इलाके में हड़कंप मच गया. सूचना के अनुसार अब तक जिले में भेड़िये के हमले में घायल होने वालों की संख्या 40 पहुंच गई है.
शोर मचाने पर जुटी ग्रामीणों की भीड़
बता दें कि खैरीघाट थाना क्षेत्र में दीवान पुरवा गांव में सज्जन परिवार समेत रहते हैं. वह किसान हैं. परिवार में पत्नी रोली के अलावा दो बेटे और एक बेटी है. इनमें से बेटी सबसे बड़ी है. सोमवार की रात 5 साल का अयांश अपनी मां रोली के साथ घर के आंगन में सो रहा था. इस दौरान रात करीब 3 बजे खूंखार भेड़िया दबे पांव घर में घुस गया. परिवार के अन्य सदस्य भी गहरी नींद में थे. भेड़िया जबड़े में दबाकर अयांश को उठा ले गया. बच्चे की चीख सुनकर मां की नींद खुली. इसके बाद महिला के शोर मचाने पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई. वन विभाग की टीम भी आ गई.
पुलिस और फोरेंसिक टीम कर रही जांच
पूरे मामले की जांच पुलिस और फोरेंसिक टीम द्वारा की जा रही है. घटना थाना खैरीघाट के रायपुर ग्राम पंचायत के छत्तरपुर इलाके की बताई जा रही है. ज्ञात हो कि आदमखोर अब तक 09 लोगों को अपना शिकार बना चुका है. तो वहीं घायलों के आकड़ों की तादाद तकरीबन 40 से भी ज्यादा है.









