ओपी राजभर का अखिलेश यादव पर तंज, कहा- “दूसरों की चिंता छोड़िए, अपनी पार्टी और गठबंधन पर ध्यान दीजिए”

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के एनडीए में सीट बंटवारे को लेकर किए गए पोस्ट पर योगी सरकार के मंत्री और सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) प्रमुख ओम प्रकाश राजभर ने पलटवार किया है। उन्होंने अखिलेश यादव पर तंज कसते हुए कहा कि उन्हें पहले अपना गठबंधन संभालने की चिंता करनी चाहिए।

ओम प्रकाश राजभर ने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा, “मित्र अखिलेश जी, वैसे तो आप चार्टर प्लेन में चलते हैं लेकिन कभी जहाज में चले होंगे तो एयरहोस्टेस अनाउंसमेंट करती हैं कि दूसरों की सुरक्षा से पहले अपनी सुरक्षा खुद करें। ये नियम राजनीति में भी लागू होता है दोस्त।”

राजभर ने आगे लिखा कि “अपना इंडी अलायंस तो चल नहीं पा रहा है और दूसरों की सीट बांट रहे हैं। गजब मसखरे हैं महाराज आप। हमें कितनी सीटें मिलेंगी, यह हम बीजेपी से बात करके तय कर लेंगे। इसकी चिंता आपको नहीं करनी है।”

उन्होंने अखिलेश यादव को कई मुद्दों पर ध्यान देने की सलाह देते हुए लिखा कि उन्हें गठबंधन बचाने, कांग्रेस को मनाने, परिवार को जिताने, चुनाव हारने के बाद पार्टी बचाने, कार्यकर्ताओं को संभालने और अन्य राजनीतिक चुनौतियों पर ध्यान देना चाहिए।

राजभर ने कहा कि उनकी पार्टी और बीजेपी के बीच गठबंधन मजबूत है। उन्होंने लिखा, “हम लोग एक थे, एक हैं, एक रहेंगे। अगले साल चुनाव है, फिर जीतेंगे और जनता की सेवा करेंगे। आपके इस माइंड गेम से हमारा गेम नहीं बिगड़ने वाला।”

उन्होंने अखिलेश यादव से कांग्रेस के साथ सीट शेयरिंग को लेकर भी सवाल पूछा और कहा कि यह स्पष्ट करना चाहिए कि कांग्रेस सपा का छोटा भाई है या बड़ा भाई।

Related Articles

Back to top button