
नई दिल्ली : राजधानी दिल्ली के भारत मंडपम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक भव्य कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अपनी राजनीतिक यात्रा, एनडीए (NDA) सरकार की उपलब्धियों और देश के भविष्य के रोडमैप पर विस्तार से बात की। प्रधानमंत्री ने इस अवसर पर देश की जनता का आभार जताते हुए कहा कि जनता जनार्दन मेरे लिए ईश्वर का रूप है और उन्होंने मुझे सबसे लंबी अवधि तक सेवा करने का सौभाग्य दिया है। पीएम मोदी ने साफ किया कि यह यात्रा उनकी व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं है, बल्कि यह देश की जनता के भरोसे और पूरे एनडीए परिवार को समर्पित है।
''हमने 12 लाख तक की आय टैक्स फ्री की,भारत विदेशों पर निर्भर नहीं रह सकता‘मेड इन इंडिया विमान में भारतीय यात्रा करेंगे’‘हमें न्यूक्लियर एनर्जी के लक्ष्य को पूरा करना है’'
— भारत समाचार | Bharat Samachar (@bstvlive) June 10, 2026
NDA की बैठक में पीएम मोदी का संबोधन #NDAMeeting #PMModi #PMModiSpeech @narendramodi pic.twitter.com/yxajPKfvql
अपने संबोधन के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कांग्रेस पर अब तक का सबसे तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा, “देश ने एक दौर में कांग्रेस का विश्वासघात और उनके घोटालों का दर्द देखा था। कांग्रेस की व्यवस्था सिर्फ काम को अटकाने और भटकाने वाली थी, जिसने देश को विकास की रेस में पीछे धकेल दिया। लेकिन 2014 में देश में आशा का सूर्योदय हुआ और भारत कांग्रेस के इस कुचक्र से आजाद हुआ। आज जनता हमारी नीति, सही दिशा और एक स्थिर सरकार के काम को प्रत्यक्ष देख रही है।”
25 करोड़ लोग गरीबी से बाहर आए, 12 लाख तक की आय टैक्स फ्री
सरकार के सेवा कार्यों का लेखा-जोखा पेश करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि जनता की सेवा को उन्होंने हमेशा एक साधना के रूप में लिया है। इसी का परिणाम है कि आज देश में 25 करोड़ लोग गरीबी रेखा से बाहर आ चुके हैं। मध्यम वर्ग को बड़ी राहत देते हुए सरकार ने 12 लाख रुपये तक की वार्षिक आय को टैक्स फ्री कर दिया है। इसके साथ ही दिव्यांग जनों के लिए विशेष कानून बनाए गए और रेहड़ी-पटरी वालों को ‘स्वनिधि कार्ड’ देकर उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त किया गया है।
आत्मनिर्भरता और भविष्य के बड़े लक्ष्य
पीएम मोदी ने नए भारत की ताकत का जिक्र करते हुए कहा कि भारत अब विदेशों पर निर्भर नहीं रह सकता। आत्मनिर्भरता सीधे तौर पर भारत की सुरक्षा से जुड़ी है। उन्होंने एक बड़ा विजन साझा करते हुए कहा, “वह दिन दूर नहीं जब ‘मेड इन इंडिया’ विमान में बैठकर भारतीय यात्रा करेंगे।” आज भारत दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था है, जहां कई शहरों में एयरपोर्ट और मेट्रो नेटवर्क पहुंच चुका है। पीएम ने युवाओं के खेल में शानदार प्रदर्शन की तारीफ की और कहा कि अब हमें न्यूक्लियर एनर्जी के लक्ष्यों को पूरा करते हुए और भी बड़े संकल्पों को सिद्ध करना है।









