झांसी में गरजे राजनाथ, बोले- भाजपा आंख से आंख मिलाकर करती है राजनीति, सपा-बसपा को दे डाली यह चुनौती!

रविवार को झांसी से भारतीय जनता पार्टी ने 2022 विधानसभा चुनाव का आगाज कर दिया। झांसी में रविवार को पहुंचे रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने बुन्देली भाषा से अपने भाषण को शुरु किया। इस दौरान उन्होंने विपक्ष पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी कभी आंखे चुराकर राजनीति नहीं करती है बल्कि आंख से आंख मिलाकर राजनीति करती है।

झांसी में बोलते हुए रक्षा मंत्री ने प्रदेश और केन्द्र सरकार की उपलब्धियों को भी गिनाया, वहीं उन्होंने कहा की यूपी जनता न तो बुआ चाहती और न ही बबुआ उन्हे तो चाहिए केवल बाबाजी। बताते चलें कि जनता के बीच विश्वास जगाने के लिए भाजपा आज उत्तर प्रदेश में जन विश्वास यात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रक्षा मंत्री ने इस दौरान कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और सभी भाजपा नेता जनता के विकास के लिए काम कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि हमने जनता से जो वादा किया उसे पूरा किया है ,भाजपा जो कहती है उसे कर दिखाती है। केंद्रीय रक्षा मंत्री ने सपा-बसपा को चुनौती देते हुए कहा कि यदि उनकी कोई भी बात गलत हो तो उनके द्वारा उसका खंडन किया जाना चाहिए और यदि उनकी कोई बात गलत है तो वह उसका खेद प्रकट करने के लिए भी तैयार हैं क्योंकि वह जनता से झूठ बोलकर राजनीति नहीं करते हैं।

झांसी पहुंचे राजनाथ सिंह ने जनसभा में कश्मीर से धारा 370 के विलोपन का भी मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार ने अनुच्छेद 370 हटाने का काम किया, आयोध्या में राम मंदिर का शिलान्यास उनकी भाजपा सरकार ने ही किया और उनकी सरकार जनता से किये गए वादों को पूरा करती है। इस तरह विपक्ष पर निशाना साधते हुए और प्रदेश सरकार की उपलब्धियों को गिनाते हुए रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि अब नए भारत के निर्माण का सिलसिला शुरू हो चूका है।

Related Articles

Back to top button