गोरखपुर में STF की बड़ी कार्रवाई, 1 लाख का इनामी बदमाश पुलिस मुठभेड़ में ढेर, भारी मात्रा में कारतूस बरामद

गोरखपुर में STF गोरखपुर यूनिट को बड़ी सफलता मिली है। बता दे कि पुलिस मुठभेड़ में 1 लाख रुपये के इनामी बदमाश मुस्तफिजुल उर्फ बाबू को ढेर कर दिया गया। मुठभेड़ के दौरान STF की जवाबी फायरिंग में बदमाश घायल हो गया था, जिसके बाद उसे इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।

बदमाश ने पुलिस टीम पर भी की फायरिंग

जानकारी के मुताबिक, STF गोरखपुर यूनिट को सूचना मिली थी कि इनामी बदमाश मुस्तफिजुल किसी वारदात को अंजाम देने की फिराक में क्षेत्र में मौजूद है। सूचना के आधार पर STF टीम ने खोराबार क्षेत्र के रामनगर करजहा के पास घेराबंदी की। इस दौरान बदमाश ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। बदमाश की फायरिंग का STF ने जवाब दिया, जिसमें मुस्तफिजुल घायल हो गया। वहीं, मुठभेड़ के दौरान STF के मुख्य आरक्षी महेंद्र सिंह भी घायल हो गए। दोनों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां मुस्तफिजुल ने दम तोड़ दिया।

10 गंभीर आपराधिक मामले दर्ज थे

पुलिस के अनुसार, मृतक बदमाश मुस्तफिजुल उर्फ बाबू आजमगढ़ जिले के थाना मेहनगर क्षेत्र का निवासी था। उसके खिलाफ 10 गंभीर आपराधिक मामले दर्ज थे और वह लंबे समय से पुलिस की नजरों में था। उस पर 1 लाख रुपये का इनाम घोषित किया गया था। मुठभेड़ के बाद पुलिस ने मौके से अवैध पिस्टल, बाइक और भारी मात्रा में कारतूस बरामद किए हैं। STF और स्थानीय पुलिस टीम आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है। अधिकारियों ने बताया कि बदमाश के आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है।

Related Articles

Back to top button