
मिडिल ईस्ट में जारी तनाव और कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों के बीच देश की तेल कंपनियों ने प्रीमियम पेट्रोल के दाम बढ़ा दिए हैं। Indian Oil Corporation (IOCL), Bharat Petroleum (BPCL) और Hindustan Petroleum (HPCL) ने अपने प्रीमियम पेट्रोल की कीमतों में करीब 2.09 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की है। नई दरें 20 मार्च की रात से लागू हो गई हैं।
कंपनियों के मुताबिक, BPCL का ‘स्पीड’, HPCL का ‘पावर’ और IOCL का ‘XP95’ पेट्रोल अब पहले से महंगा मिलेगा। कुछ आउटलेट्स पर XP95 की कीमत 101.80 रुपये प्रति लीटर तक पहुंच गई है, जबकि कई जगह यह 113.77 रुपये प्रति लीटर तक बिक रहा है।
उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में सामान्य पेट्रोल 103.92 रुपये प्रति लीटर पर बना हुआ है, जबकि पुणे में प्रीमियम पेट्रोल 113 रुपये के पार पहुंच गया है। हालांकि, राहत की बात यह है कि सामान्य पेट्रोल और डीजल की कीमतों में फिलहाल कोई बदलाव नहीं किया गया है।
अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमत 100 डॉलर प्रति बैरल के पार पहुंच चुकी है। इसके पीछे मिडिल ईस्ट में बढ़ता तनाव और Donald Trump के नेतृत्व में अमेरिका-इजरायल और ईरान के बीच जारी संघर्ष को प्रमुख वजह माना जा रहा है।
वहीं, रुपये में गिरावट ने भी चिंता बढ़ा दी है। डॉलर के मुकाबले रुपया 93 के स्तर से नीचे पहुंच गया है, जिससे आयात महंगा हो गया है। ऐसे हालात में आने वाले दिनों में महंगाई और बढ़ने की आशंका जताई जा रही है, जिससे आम जनता की जेब पर सीधा असर पड़ेगा।









