चेन्नई एयरपोर्ट पर दिवाली के धुएं का असर, 26 फ्लाइट्स प्रभावित; रायपुर से आई इंडिगो फ्लाइट बेंगलुरु डायवर्ट

दिवाली पर पटाखों से निकले धुएं ने चेन्नई में हवाई यातायात को प्रभावित कर दिया। एयरपोर्ट के आसपास धुएं की मोटी परत छाने से रनवे पर विजिबिलिटी कम हो गई। इसके चलते चेन्नई एयरपोर्ट पर कुल 26 उड़ानों का संचालन प्रभावित हुआ। इनमें 11 आने वाली और 15 रवाना होने वाली फ्लाइट्स शामिल हैं। वहीं, रायपुर से चेन्नई आ रही इंडिगो की एक फ्लाइट को लैंडिंग में परेशानी के चलते बेंगलुरु डायवर्ट करना पड़ा।

जानकारी के मुताबिक, रविवार रात दिवाली के दौरान चेन्नई और आसपास के इलाकों में बड़े पैमाने पर आतिशबाजी हुई। शाम से शुरू हुआ पटाखे फोड़ने का सिलसिला देर रात तक जारी रहा। इसका असर एयरपोर्ट के आसपास भी देखने को मिला। आसमान में धुएं की परत जमा होने से रनवे पर विमानों की आवाजाही के लिए जरूरी दृश्यता कम हो गई।

इस दौरान अलग-अलग शहरों से चेन्नई पहुंचने वाली 11 उड़ानों को लैंडिंग के लिए इंतजार करना पड़ा। कई विमान आसमान में चक्कर लगाते रहे। इसके अलावा चेन्नई से कोलकाता, दिल्ली, दुबई, सिंगापुर समेत कई गंतव्यों के लिए रवाना होने वाली 15 फ्लाइट्स भी देरी से संचालित हुईं।

सबसे ज्यादा असर रायपुर से चेन्नई आ रही इंडिगो की फ्लाइट पर पड़ा। 156 यात्रियों को लेकर आ रहे विमान को खराब विजिबिलिटी के कारण चेन्नई में उतरने की अनुमति नहीं मिल सकी। इसके बाद विमान को बेंगलुरु की ओर डायवर्ट कर दिया गया।

एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया के अधिकारियों ने स्थिति पर नजर बनाए रखी। एयर ट्रैफिक कंट्रोल की टीम ने रनवे की दृश्यता की लगातार निगरानी की और सुरक्षित परिस्थितियों में ही विमानों के उतरने और उड़ान भरने की अनुमति दी।

पिछले साल दिवाली के दौरान भी चेन्नई एयरपोर्ट पर पटाखों के धुएं से 15 उड़ानें प्रभावित हुई थीं। इस बार प्रभावित उड़ानों की संख्या बढ़कर 26 हो गई।

Related Articles

Back to top button