भारत से पाकिस्तान-अफगानिस्तान तक जानिए क्यों बदला मौसम? वैज्ञानिक भी हुए हैरान

एनसीआर समेत उत्तर भारत में पिछले दो दिनों से बेमौसम बारिश, आंधी-तूफान और ओलावृष्टि का दौर जारी है। यह केवल भारत ही नहीं, बल्कि पाकिस्तान और अफगानिस्तान में भी देखा जा रहा है।

Delhi: एनसीआर समेत उत्तर भारत में पिछले दो दिनों से बेमौसम बारिश, आंधी-तूफान और ओलावृष्टि का दौर जारी है। यह केवल भारत ही नहीं, बल्कि पाकिस्तान और अफगानिस्तान में भी देखा जा रहा है। मौसम में आए इस बदलाव ने वैज्ञानिकों को भी हैरान कर दिया है।

बारिश के कारण पारा 7 डिग्री तक गिर चुका है और एक बार फिर ठंड का एहसास होने लगा है। यह बेमौसम बारिश, जो मार्च के महीने में हो रही है, सामान्य नहीं है। यह बदलते जलवायु पैटर्न का एक बड़ा संकेत है।

क्यों बदला है मौसम का पैटर्न?

असल में, पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के कारण भारत, पाकिस्तान और अफगानिस्तान के कुछ हिस्सों में असामान्य मौसम संबंधी घटनाएं हो रही हैं। मौसम विभाग के अनुसार, यह ऊपरी हवा का एक साइक्लोनिक सर्कुलेशन है, जो फिलहाल उत्तरी पाकिस्तान के ऊपर सक्रिय है।

1000 किमी लंबा रेन बैंड

इसके अलावा, अफगानिस्तान से पाकिस्तान होते हुए भारत तक एक 1,000 किलोमीटर लंबा रेन बैंड बना हुआ है, जो इस समय मौसम को प्रभावित कर रहा है। सामान्य तौर पर, पश्चिमी विक्षोभ सर्दियों के महीनों यानी दिसंबर से फरवरी के बीच आता है, और यह भूमध्य सागर से उठकर उत्तर-पूर्व की ओर बढ़ता है, जिससे बर्फबारी और शीत लहर आती है।

लेकिन इस बार, यह विक्षोभ मार्च के महीने में सक्रिय हुआ है, जिसके परिणामस्वरूप बारिश, तेज हवाओं के साथ ओलावृष्टि और कुछ जगहों पर हल्की से मध्यम बर्फबारी देखी जा रही है। यही वजह है कि तापमान में गिरावट देखने को मिल रही है।

इन राज्यों में हो रही बारिश

पश्चिमी विक्षोभ के कारण उत्तर-पश्चिमी भारत में गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाओं के साथ ओलावृष्टि हो रही है। इसके अलावा, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में भारी बारिश हो रही है। दक्षिण कर्नाटक, आंध्र प्रदेश, केरल और तमिलनाडु में भी तेज बारिश की संभावना बनी हुई है।

क्या है नमी का स्रोत?

अब सवाल यह है कि इस असामान्य पश्चिमी विक्षोभ को नमी कहां से मिल रही है। इस सिस्टम को नमी समुद्रों से मिल रही है। भूमध्य सागर, कैस्पियन सागर, काला सागर और फारस की खाड़ी से वाष्पीकरण के कारण इस विक्षोभ को आवश्यक नमी मिल रही है, जो इस असामान्य मौसम का कारण बन रही है।

Related Articles

Back to top button