
उत्तर प्रदेश में मौसम का पलड़ा इस समय दोहरी मार झेल रहा है। एक ओर बुधवार को आए तूफ़ान में 90 से अधिक लोगों की मौत और कई के घायल होने की खबरें सामने आईं, वहीं कुछ हिस्सों में तेज धूप और बढ़ते तापमान ने लोगों को बेहाल कर दिया है। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में प्रदेश का अधिकतम तापमान 47 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।
मौसम विभाग की भविष्यवाणी के अनुसार, 15 मई को यूपी के पश्चिमी और पूर्वी संभागों में मौसम शुष्क रहेगा। अधिकांश इलाकों में आसमान साफ रहेगा और धूप निकलेगी, जिससे गर्मी और भी बढ़ जाएगी। मौसम विभाग ने कुछ जिलों में हीट वेव का यलो अलर्ट भी जारी किया है।
भीषण गर्मी और लू का अलर्ट
आज शुक्रवार को बुंदेलखंड के जिलों झांसी, महोबा, हमीरपुर, ललितपुर, फतेहपुर, बांदा, चित्रकूट और कौशांबी में हीट वेव का यलो अलर्ट जारी किया गया है। इन जिलों में दिन के समय उष्ण लहर चलने की संभावना है। मौसम विभाग ने लोगों को दिन के समय बाहर निकलते समय विशेष सावधानी बरतने और आवश्यक होने पर घर से बाहर न निकलने की सलाह दी है।
आगामी दिनों का मौसम
16 से 18 मई तक प्रदेश में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है। गर्म हवाओं का सिलसिला जारी रहेगा और अगले 5-6 दिनों में अधिकतम तापमान में 4 से 6 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी होने की संभावना है। कई जगहों पर पारा 47 डिग्री से ऊपर पहुंच सकता है। रात के समय भी गर्मी में वृद्धि होगी। 19 मई को पूर्वांचल में कहीं-कहीं हल्की बूंदाबांदी हो सकती है, लेकिन उससे गर्मी में कोई खास राहत नहीं मिलेगी।
प्रमुख शहरों में तापमान
बांदा प्रदेश का सबसे गर्म जिला रहा, जहां अधिकतम तापमान 45.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 2.4 डिग्री अधिक है। झांसी में 44.5, प्रयागराज में 43.5, हमीरपुर में 43.2 और उरई में 41.0 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया। राजधानी लखनऊ में भी तेज धूप के साथ अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।









