महाराष्ट्र में दर्दनाक हादसा, खाईं में गिरी स्कॉर्पियो कार, 8 की मौत

महाराष्ट्र के रायगढ़ जिले में सोमवार (25 मई) को बड़ा सड़क हादसा हो गया। महाबलेश्वर और पोलादपुर के बीच स्थित अम्बेनाली घाट में ...

महाराष्ट्र के रायगढ़ जिले में सोमवार (25 मई) को बड़ा सड़क हादसा हो गया। महाबलेश्वर और पोलादपुर के बीच स्थित अम्बेनाली घाट में एक स्कॉर्पियो कार गहरी खाई में गिर गई। इस हादसे में 8 लोगों की मौत हो गई। सभी मृतक सतारा जिले के बताए जा रहे हैं। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

शुरुआती जानकारी के अनुसार, स्कॉर्पियो गाड़ी सतारा जिले के असगांव गांव की बताई जा रही है। गाड़ी में सवार लोग कोंकण से सतारा की ओर जा रहे थे। इसी दौरान दोपहर करीब 2:45 बजे अम्बेनाली घाट में वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस प्रशासन, महाबलेश्वर ट्रैकर्स, प्रतापगढ़ रेस्क्यू टीम और स्थानीय लोगों ने मिलकर बचाव अभियान शुरू किया। खाई काफी गहरी होने की वजह से राहत कार्य में दिक्कतों का सामना करना पड़ा। रेस्क्यू टीम को दूरबीन की मदद से नीचे शवों का पता लगाना पड़ा।

बताया जा रहा है कि खाई करीब 700 से 800 फीट गहरी है। अब तक दो शवों को बाहर निकाला जा चुका है, जबकि बाकी शवों की तलाश जारी है। पुलिस के मुताबिक मृतकों की पहचान का काम भी किया जा रहा है।

इस हादसे के बाद मृतकों के परिवारों में शोक का माहौल है। फिलहाल दुर्घटना के कारणों का पता नहीं चल सका है। बताया जा रहा है कि साल 2018 में भी इसी स्थान पर एक बड़ा बस हादसा हुआ था।

Related Articles

Back to top button