मच्छरों के साथ माफिया भी खत्म, कुशीनगर में सीएम योगी का दोहरा दावा

मच्छर बीमारी लाते थे, माफिया बेरोज़गारी; दोनों को ठीक कर दिया; फाज़िलनगर का नाम बदलकर पावागढ़ करने का ऐलान, 424 करोड़ की परियोजनाओं का लोकार्पण : योगी

कुशीनगर। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को कुशीनगर में एक साथ दो मोर्चों पर जीत का दावा किया। उन्होंने कहा कि सरकार ने इलाके से मच्छर और माफिया दोनों का सफाया कर दिया है। जनता को संबोधित करते हुए सीएम ने कहा कि जहाँ मच्छर जानलेवा बीमारियाँ लाते थे, वहीं माफिया बेरोज़गारी की जड़ थे। सरकार ने इन दोनों ही समस्याओं को जड़ से खत्म कर दिया है।

‘मच्छर बीमारी लाते थे, माफिया बेरोज़गारी’

सीएम योगी ने अपने संबोधन में कहा, जैसे यूपी में माफिया खत्म हो गया है, वैसे ही यहाँ इंसेफेलाइटिस भी खत्म हो गया है। हमने मच्छरों के साथ-साथ माफिया को भी खत्म कर दिया। मच्छर बीमारियाँ लाते थे और माफिया बेरोज़गारी लाते थे। हमने बीमारियों और बेरोज़गारी दोनों समस्याओं को ठीक कर दिया है। उनका यह बयान पूर्वांचल में स्वास्थ्य और कानून व्यवस्था को लेकर सरकार की दोहरी प्राथमिकता को रेखांकित करता है।

424 करोड़ के विकास कार्यों की सौगात

इस मौके पर मुख्यमंत्री ने कुशीनगर को 424 करोड़ रुपये की 278 विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। उन्होंने तमकुही राज विधानसभा क्षेत्र के लिए भाजपा विधायक असीम कुमार की जमकर तारीफ की और कहा कि 2022 से पहले सपा विधायक के कार्यकाल में यह इलाका मज़ाक का विषय बनकर रह गया था। सीएम ने कहा, हर सरकार का अपना विज़न होता है। 2022 से पहले कोई विकास के बारे में सोचता ही नहीं था। आज विधायक और सांसद मिलकर जनता की माँगों को ज़मीन पर उतार रहे हैं।

फाज़िलनगर बना पावागढ़, भगवान महावीर को श्रद्धांजलि

योगी आदित्यनाथ ने कार्यक्रम से एक बड़ी घोषणा करते हुए कहा कि सरकार ने फाज़िलनगर का नाम बदलकर पावागढ़ करने का प्रस्ताव रखा है। उन्होंने कहा, अब यह क्षेत्र फाज़िलनगर के नाम से नहीं, बल्कि भगवान महावीर को श्रद्धांजलि के रूप में पावागढ़ के नाम से जाना जाएगा। पावागढ़ का नाम, परंपरा और कल्चर अब पूरे देश और दुनिया तक पहुँचेगा। इसके बाद सीएम गोरखपुर रवाना होंगे, जहाँ वे चिलुआताल के पर्यटन विकास से जुड़ी 20.35 करोड़ की परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे।

Related Articles

Back to top button