
गोरखपुर। तारामंडल क्षेत्र के बुद्धनगर में स्पा सेंटर की आड़ में चल रहे देह व्यापार के नेटवर्क का रामगढ़ताल पुलिस ने गुरुवार को पर्दाफाश कर दिया। ग्राहक बनकर पहुँची पुलिस टीम ने छापेमारी के दौरान पाँच युवतियों को मुक्त कराया, जबकि एक महिला समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस अब फरार स्पा संचालक की तलाश में जुटी है और बरामद मोबाइल फोन व डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर पूरे नेटवर्क की पड़ताल कर रही है।
एक सप्ताह से चल रही थी निगरानी, फिर हुई कार्रवाई
पुलिस को करीब एक सप्ताह पहले सूचना मिली थी कि बुद्धनगर स्थित एक स्पा सेंटर में मसाज और वेलनेस सेवाओं की आड़ में देह व्यापार संचालित किया जा रहा है। शुरुआती जाँच में ठोस सबूत न मिलने पर पुलिस ने निगरानी जारी रखी। इसके बाद ग्राहक बनकर पहुँची टीम ने मौके पर छापा मारकर पूरे नेटवर्क का भंडाफोड़ कर दिया। कार्रवाई के दौरान धर्मशाला बाजार निवासी विक्की वर्मा, चंडीगढ़ मूल के और वर्तमान में पैडलेगंज में रह रहे मंदीप सिंह तथा पादरी बाजार निवासी रिंकी लता को गिरफ्तार किया गया। सीओ कैंट अरुण कुमार एस की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
अच्छी नौकरी और मोटी कमाई का दिया जाता था झाँसा
मुक्त कराई गई पाँचों युवतियाँ दिल्ली, गाजीपुर, मिर्जापुर और गोरखपुर की रहने वाली हैं और शहर में किराए के मकानों में रह रही थीं। पूछताछ में सामने आया कि उन्हें अच्छी नौकरी, अधिक आय और स्पा में काम दिलाने का झाँसा देकर बुलाया गया था। कुछ युवतियों ने बताया कि उन्होंने ऑनलाइन विज्ञापन देखकर संपर्क किया था, जिसके बाद उन्हें यहाँ लाया गया। पुलिस ने सभी के बयान दर्ज कर उन्हें मुक्त कर दिया।
महिला आरोपी युवतियों को लाने का करती थी काम
जाँच में यह भी तथ्य उजागर हुआ है कि गिरफ्तार महिला रिंकी लता युवतियों से संपर्क कर उन्हें बेहतर कमाई का लालच देकर स्पा सेंटर तक लाने का काम करती थी। वहीं, मंदीप सिंह सेंटर का पूरा प्रबंधन और ग्राहकों से संपर्क देखता था। पुलिस उसके मोबाइल और डिजिटल रिकॉर्ड की जाँच कर आर्थिक लेन-देन और ग्राहकों के नेटवर्क की जानकारी जुटा रही है।
फरार मालिक दीनदयाल की तलाश में दबिश
पुलिस के अनुसार, यह स्पा सेंटर किराए के भवन में महज एक सप्ताह पहले ही शुरू किया गया था और इसका मालिक दीनदयाल फरार है। उसकी तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है। एसपी सिटी निमिष पाटील ने बताया कि मालिक की गिरफ्तारी के बाद पूरे नेटवर्क के संचालन और आर्थिक लेन-देन से जुड़े कई अहम तथ्य सामने आ सकते हैं।









