उत्तराखंड : पहाड़ी से गिरे भारी बोल्डरों की चपेट में आई कार,2 लोगों की मौके पर ही मौत,3 गंभीर रूप से घायल

पिथौरागढ़ (धारचूला) : उत्तराखंड के पर्वतीय क्षेत्रों में मानसून की आहट और खराब मौसम के बीच पिथौरागढ़ जिले से एक बेहद दर्दनाक और बड़ी दुर्घटना की खबर सामने आ रही है। जिले के धारचूला थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले सुदूर दारमा मार्ग पर आज अचानक पहाड़ी दरकने से एक बड़ा हादसा हो गया। ऊपर पहाड़ी से तेज गति से गिरे भारी-भरकम पत्थरों (बोल्डरों) की चपेट में एक चलती कार आ गई। पत्थर इतनी तेजी से गिरे कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसके परखच्चे उड़ गए। इस भीषण हादसे में कार सवार दो लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई है।

मिली जानकारी के अनुसार, दुर्घटनाग्रस्त कार में कुल 5 लोग सवार होकर अपने गंतव्य की ओर जा रहे थे। जैसे ही वाहन धारचूला के संवेदनशील दारमा मार्ग पर पहुंचा, तभी ऊपरी पहाड़ी से अचानक भरभराकर विशालकाय बोल्डर सीधे चलती कार के ऊपर आ गिरे। कार में बैठे यात्रियों को संभलने तक का मौका नहीं मिला। इस खौफनाक हादसे में दो यात्रियों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि वाहन में सवार अन्य 3 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

SDRF टीम ने संभाला मोर्चा, घायलों का अस्पताल में इलाज जारी
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस प्रशासन और राज्य आपदा प्रतिवादन बल (SDRF) की रेस्क्यू टीम तुरंत साजो-सामान के साथ मौके पर पहुंची। SDRF के जवानों ने स्थानीय लोगों की मदद से बेहद चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में कार को काटकर मलबे और पत्थरों के बीच से घायलों और शवों को बाहर निकाला।

तीनों घायलों को तुरंत एम्बुलेंस के माध्यम से नजदीकी उप-जिला अस्पताल पहुंचाया गया है, जहां डॉक्टरों की देखरेख में उनका इलाज जारी है। घायलों की स्थिति गंभीर बनी हुई है। प्रशासन ने मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और उनके परिजनों को सूचित किया जा रहा है। पर्वतीय मार्गों पर लगातार दरकती पहाड़ियों के कारण स्थानीय प्रशासन ने यात्रियों से बेहद सतर्कता के साथ सफर करने की अपील की है।

Related Articles

Back to top button