Weather Update : 21 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट, दिल्ली-UP-बिहार में बदलेगा मौसम

नई दिल्ली। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने देश के 21 राज्यों के लिए भारी बारिश, आंधी-तूफान और वज्रपात का अलर्ट जारी किया है। सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ और तेजी से आगे बढ़ रहे मानसून के कारण उत्तर और मध्य भारत के मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिल रहा है। मौसम विभाग के अनुसार कई क्षेत्रों में 60 से 85 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली और आसपास के क्षेत्रों में आज गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। सुबह से ही आसमान में बादल छाए हुए हैं और बारिश के चलते तापमान में गिरावट आने की उम्मीद है, जिससे लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिलेगी।

उत्तर प्रदेश के पश्चिमी और पूर्वी हिस्सों में धूल भरी आंधी के साथ तेज बारिश का अनुमान है। मौसम विभाग ने कई जिलों में आकाशीय बिजली गिरने की चेतावनी भी जारी की है। वहीं बिहार में मानसून की रफ्तार तेज होने के साथ अधिकांश जिलों में भारी बारिश और 85 किलोमीटर प्रति घंटे तक की तेज हवाएं चल सकती हैं। पूर्वी बिहार में फसलों को नुकसान पहुंचने की आशंका जताई गई है।

राजस्थान के कई जिलों में पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से तेज आंधी और बारिश का दौर देखने को मिल सकता है। मरुस्थलीय क्षेत्रों में धूल भरी हवाओं के कारण दृश्यता प्रभावित होने की संभावना है। हिमाचल प्रदेश में 17 जून से अगले कुछ दिनों तक बारिश और ओलावृष्टि जारी रहने का अनुमान है। ऊंचाई वाले इलाकों में भूस्खलन के खतरे को देखते हुए पर्यटकों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

उत्तराखंड के पहाड़ी और मैदानी इलाकों में भी तेज बारिश और गरज-चमक की संभावना है। वहीं जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में भी मौसम का मिजाज बदलने वाला है। इन क्षेत्रों में कई स्थानों पर वर्षा और तेज हवाओं का दौर देखने को मिल सकता है। मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है।

Related Articles

Back to top button