लखनऊ: उत्तर प्रदेश में मानसून पूरी तरह सक्रिय बना हुआ है। प्रदेशभर में बारिश का दौर जारी है। शुक्रवार को नोएडा से लेकर लखनऊ और वाराणसी तक कई जिलों में मूसलाधार बारिश हुई, जिससे मौसम सुहावना हो गया। मौसम विभाग ने शनिवार 8 अगस्त को भी प्रदेश के 63 जिलों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई है। वहीं दो जिलों में भारी बारिश को लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम विभाग के मुताबिक दक्षिण-पश्चिमी उत्तर प्रदेश के ऊपर मध्य क्षोभमंडल तक फैले चक्रवाती परिसंचरण की वजह से निम्न दबाव का क्षेत्र बना हुआ है। इसके प्रभाव से प्रदेश में बारिश का सिलसिला लगातार जारी है।
मौसम विभाग ने बताया कि उत्तर प्रदेश के पश्चिमी और पूर्वी दोनों हिस्सों में आज भी बारिश का दौर जारी रहेगा। कुछ स्थानों पर 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना भी जताई गई है।
इन जिलों में भारी बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार झांसी, जालौन, हमीरपुर, महोबा और चंदौली में कई स्थानों पर बारिश होने की संभावना है। वहीं मीरजापुर और सोनभद्र में भारी बारिश को लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है।
नोएडा, गाजियाबाद, मेरठ और बागपत में भी सुबह से बादल छाए हुए हैं। हालांकि इन जिलों में आज तेज बारिश की संभावना नहीं है, लेकिन कुछ स्थानों पर हल्की बूंदाबांदी हो सकती है।
इसके अलावा शामली, बुलंदशहर, आगरा, अलीगढ़, मथुरा, हाथरस, एटा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, कन्नौज, इटावा, औरैया, कानपुर, ललितपुर, फतेहपुर, बांदा, चित्रकूट, कौशांबी, प्रयागराज, संत रविदास नगर, वाराणसी, महाराजगंज और कुशीनगर में गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना है।
लखनऊ, बाराबंकी, हरदोई, उन्नाव, रायबरेली, फर्रुखाबाद, कासगंज, बदायूं, संभल, अमरोहा, बिजनौर, मुजफ्फरनगर, सहारनपुर, अमेठी, प्रतापगढ़, सुल्तानपुर, अयोध्या, गोंडा, बलरामपुर, सिद्धार्थनगर, बस्ती, अंबेडकरनगर, जौनपुर, गोरखपुर, देवरिया, मऊ, बलिया और आजमगढ़ में कुछ स्थानों पर हल्की बारिश या बूंदाबांदी हो सकती है।
13 अगस्त तक बारिश का दौर जारी रहने की संभावना
मौसम विभाग के अनुसार उत्तर प्रदेश में फिलहाल बारिश थमती हुई नजर नहीं आ रही है। आने वाले दिनों में भी प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में गरज-चमक के साथ बारिश की बौछारें पड़ने की संभावना है। 13 अगस्त तक कई इलाकों में बारिश जारी रह सकती है।
कुछ स्थानों पर भारी बारिश को लेकर यलो अलर्ट भी जारी किया गया है। अगले 24 घंटों में प्रदेश के अधिकतम तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है, जिसके बाद तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने की संभावना है।









