
पुणे। पुणे के लोहागढ़ किले में रियल एस्टेट कारोबारी केतन अग्रवाल की हत्या के मामले में उनकी मां राखी अग्रवाल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को एक भावुक पत्र लिखकर बेटे को न्याय दिलाने की गुहार लगाई है। उन्होंने पत्र में स्पष्ट किया कि वह किसी सहानुभूति या विशेष रियायत की नहीं, बल्कि दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा दिलाने की मांग कर रही हैं।
पीएम को लिखे पत्र में क्या कहा?
प्रधानमंत्री को ई-मेल के जरिए भेजे गए इस भावुक पत्र में राखी अग्रवाल ने लिखा कि उन्होंने कभी नहीं सोचा था कि उन्हें अपने ही बेटे के लिए न्याय मांगने की नौबत आएगी। उन्होंने लिखा, हर मां की तरह मेरा भी सपना था कि केतन अपनी जिंदगी खुशी से जिए, शादी करे और हमारे साथ रहे, लेकिन इसके बजाय मुझे अपने बेटे का अंतिम संस्कार करना पड़ा। राखी ने कहा, मेरे बेटे की बेरहमी से हत्या कर दी गई और उसके साथ ही मेरी पूरी दुनिया चली गई। घर का हर कोना उसकी याद दिलाता है। उसकी हंसी की जगह जो सन्नाटा है, हर दिन याद दिलाता है कि वह कभी लौटकर नहीं आएगा।
20 दिन बाद ससुर ने भी तोड़ दिया दम
राखी अग्रवाल ने पत्र में परिवार की दूसरी त्रासदी का जिक्र करते हुए बताया कि केतन की मौत के महज 20 दिन बाद उनके ससुर का भी निधन हो गया, क्योंकि वह अपने पोते को खोने का गम सहन नहीं कर सके। उन्होंने प्रधानमंत्री से आग्रह किया, मोदी जी, मैं सिर्फ एक मां हूं। मैं आपसे न सहानुभूति मांग रही हूं और न कोई विशेष रियायत। मैं केवल न्याय मांग रही हूं। कृपया केतन को महज एक ‘केस फाइल’ बनकर मत रह जाने दीजिए। वह किसी का बेटा, किसी का पोता और किसी का भाई था, लेकिन मेरे लिए वह मेरी पूरी दुनिया था।
“हर रात बेटे से कहती हूं कि मां आज भी लड़ रही है”
राखी ने बताया कि वह हर रात बेटे की तस्वीर देखकर उससे कहती हैं कि उसकी मां आज भी उसके लिए लड़ रही है। उन्होंने उम्मीद जताई कि एक दिन वह अपने बेटे से जरूर कह सकेंगी कि उसे न्याय मिल गया।
क्या है केतन अग्रवाल हत्याकांड?
26 वर्षीय केतन अग्रवाल की 18 जून को पुणे जिले के लोहागढ़ किले के पास एक घाटी में गिरने से मौत हो गई थी। शुरुआत में पुलिस ने इसे दुर्घटना माना, लेकिन बाद की जांच में यह सुनियोजित हत्या साबित हुई। पुलिस ने केतन की मंगेतर सिया गोयल और उसके कथित प्रेमी चेतन चौधरी को गिरफ्तार कर लिया। आरोप है कि दोनों ने साजिश के तहत लोहागढ़ किले की सैर के दौरान केतन को चट्टान से धक्का देकर उसकी हत्या की। पुलिस के अनुसार, जांच में डिजिटल साक्ष्य, सीसीटीवी फुटेज, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और अन्य सबूत मिले हैं, जिनसे हत्या की पूर्व नियोजित साजिश का संकेत मिलता है। दोनों आरोपी फिलहाल न्यायिक हिरासत में हैं और मामले की जांच जारी है।









