मेरठ में कोचिंग सेंटर संचालिका ने लगाई फांसी, साझेदार पर आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप

मेरठ में एक कोचिंग सेंटर संचालिका की आत्महत्या से हड़कंप मच गया। लालकुर्ती थाना क्षेत्र के पीएल शर्मा रोड स्थित कोचिंग सेंटर में संचालिका पूजा ने फांसी लगाकर अपनी जान दे दी। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि कोचिंग सेंटर के बंटवारे को लेकर पूजा का अपने साझेदार कपिल से विवाद चल रहा था। आरोप है कि विवाद के चलते पूजा मानसिक तनाव में थीं और इसी वजह से उन्होंने यह कदम उठाया। परिजनों ने साझेदार कपिल पर आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप लगाया है।

कुछ समय से दोनों के बीच मतभेद चल रहे थे

बताया जा रहा है कि शिक्षक कपिल और मृतका पूजा ने मिलकर इस कोचिंग सेंटर की शुरुआत की थी। दोनों सेंटर को संचालित करते थे, लेकिन कुछ समय से दोनों के बीच मतभेद चल रहे थे। विवाद बढ़ने के बाद सेंटर के संचालन और हिस्सेदारी को लेकर तनाव की स्थिति बनी हुई थी।

पुलिस साझेदार कपिल को हिरासत में ले लिया

गौरतलब है कि लखनऊ अग्निकांड के बाद मेरठ विकास प्राधिकरण (MDA) ने इस कोचिंग सेंटर को बंद कर दिया था। इसके बाद भी सेंटर को लेकर विवाद जारी था। पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए साझेदार कपिल को हिरासत में ले लिया है। उससे पूछताछ की जा रही है और पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Back to top button