बिजनौर को 10 अरब की विकास परियोजनाओं की सौगात, CM योगी बोले- ‘अब यूपी दंगा और कर्फ्यू मुक्त है’

Bijnor : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को बिजनौर का दौरा किया और जिले के विकास को गति देते हुए 76 परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। कुल 10 अरब रुपये से अधिक की ये परियोजनाएं बिजनौर की तस्वीर बदलने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी। इस दौरान मुख्यमंत्री ने नर्सिंग कॉलेज का शिलान्यास भी किया, जो स्वास्थ्य सुविधाओं के क्षेत्र में जिले के लिए एक बड़ी उपलब्धि है।

‘विकास ही हमारा एकमात्र लक्ष्य’
मुख्यमंत्री ने बिजनौर की प्रशंसा करते हुए कहा कि यह जिला अपनी मिठास (गन्ना) और नगीना के कारीगरों की कला के लिए विख्यात है। उन्होंने कहा, “पिछले 9 वर्षों में बिजनौर की तस्वीर बदली है और आज यह जिला विकास का नया संदेश दे रहा है।” उन्होंने गन्ना किसानों को आश्वस्त किया कि उन्हें समय से भुगतान सुनिश्चित किया जा रहा है। सीएम ने कहा कि पहले की सरकारों में किसान बदहाल थे, जबकि वर्तमान सरकार में उन्हें सम्मान और उचित मूल्य मिल रहा है।

विपक्ष पर तीखा हमला
मुख्यमंत्री योगी ने अपने भाषण के दौरान विपक्ष पर कड़ा प्रहार किया। उन्होंने ‘जिन्ना बनाम गन्ना’ का जिक्र करते हुए कहा, “कुछ लोगों को जिन्ना पसंद है, लेकिन हमें प्रदेश के किसानों का गन्ना पसंद है।” उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि विभाजन के पाप के लिए वही जिम्मेदार है और अब भी समाज को बांटने की कोशिश कर रही है। उन्होंने बांग्लादेश में हिंदुओं पर हो रहे अत्याचार का उल्लेख करते हुए विपक्ष की चुप्पी पर भी सवाल उठाए और कहा कि कांग्रेस ने हमेशा बाबा साहेब का अपमान किया है।

‘सुरक्षा में कोई सेंध नहीं’
कानून-व्यवस्था का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि 2017 से पहले की सरकारें खुद एक ‘अपशगुन’ थीं, जिसके कारण राज्य दंगों और कर्फ्यू से ग्रस्त रहता था। उन्होंने दावा किया कि आज उत्तर प्रदेश दंगा मुक्त है, कांवड़ यात्रा पर कोई रोक नहीं है और प्रदेश की सुरक्षा में अब कोई सेंध नहीं लगा सकता।

बिजनौर ने संघर्ष की नई गाथा लिखी है
मुख्यमंत्री ने कहा कि बिजनौर अब गंदगी से अपनी पहचान बदलने में सफल रहा है और इसने विकास के क्षेत्र में संघर्ष की नई गाथा लिखी है। उन्होंने जनता को विश्वास दिलाया कि आने वाले समय में बिजनौर प्रदेश के अग्रणी जिलों में गिना जाएगा। इस कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधि और भारी संख्या में लोग मौजूद थे।

Related Articles

Back to top button