SIT की बड़ी कार्रवाई, बदरीनाथ चढ़ावा हेराफेरी में पूर्व टेंपलअधिकारी को किया गिरफ्तार, 30 जून को हुए थे सेवानिवृत्त

बदरीनाथ धाम में भगवान के चढ़ावे में कथित हेराफेरी मामले की जांच कर रही विशेष जांच टीम (SIT) ने शुक्रवार को बड़ी कार्रवाई की है। एसआईटी ने बदरी-केदार मंदिर समिति (BKTC) के पूर्व टेंपल ऑफिसर (मंदिर अधिकारी) राजेंद्र सिंह चौहान को गिरफ्तार कर लिया है।

चार घंटे की पूछताछ के बाद हुई गिरफ्तारी

पुलिस सूत्रों के मुताबिक, पूर्व मंदिर अधिकारी राजेंद्र सिंह चौहान को शुक्रवार को पूछताछ के लिए बुलाया गया था। करीब चार घंटे तक चली लंबी पूछताछ के दौरान उनके बयानों में विरोधाभास मिलने और मामले से जुड़े साक्ष्य सामने आने के बाद एसआईटी ने उन्हें हिरासत में लिया। इसके बाद उनकी गिरफ्तारी दर्ज की गई।

30 जून को हुए थे रिटायर

गिरफ्तार किए गए राजेंद्र सिंह चौहान इसी साल 30 जून को सेवानिवृत्त हुए थे। रिटायरमेंट के कुछ ही दिनों बाद हुई इस कार्रवाई से मंदिर समिति और संबंधित अधिकारियों में हड़कंप मच गया है।

मामले में अब तक दो गिरफ्तारियां

वही बदरीनाथ धाम में चढ़ावे से जुड़ी वित्तीय अनियमितताओं के मामले में एसआईटी अब तक दो बड़ी गिरफ्तारियां कर चुकी है। इससे पहले बीकेटीसी के वैयक्तिक सहायक कर्मचारी प्रमोद नौटियाल को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था। वहीं अब पूर्व टेंपल ऑफिसर राजेंद्र सिंह चौहान की गिरफ्तारी हुई है।

इसके अलावा गड़बड़ी सामने आने के बाद मंदिर समिति ने मुख्य खजांची संदीप मेहता को भी तत्काल प्रभाव से पद से हटा दिया था।

SIT जांच का दायरा बढ़ा

एसआईटी अधिकारियों के अनुसार, राजेंद्र सिंह चौहान से मिली जानकारी और दस्तावेजों के आधार पर आगे की जांच की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज, बैंक खातों और अन्य रिकॉर्ड की जांच के जरिए यह पता लगाया जा रहा है कि इस कथित हेराफेरी में और कौन-कौन लोग शामिल हैं। बता दे कि जांच एजेंसी जल्द ही मामले से जुड़े कुछ अन्य लोगों को भी पूछताछ के लिए नोटिस जारी कर सकती है ।

Related Articles

Back to top button