
सीतापुर में एक प्राथमिक विद्यालय के सहायक अध्यापक की निरीक्षण के दौरान अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। घटना के बाद शिक्षा विभाग में हड़कंप मच गया। पुलिस प्रथम दृष्टया इसे heart attack case मान रही है।
हापुड़ जिले के मोहल्ला नवीकरीम निवासी प्रमोद गौतम प्राथमिक विद्यालय सिकंदरपुर में सहायक अध्यापक के पद पर तैनात थे। गुरुवार दोपहर एकेडमिक रिसोर्स पर्सन (ARP) अंबुज त्रिवेदी और विकास बाजपेई विद्यालय के निरीक्षण के लिए पहुंचे थे।
निरीक्षण के दौरान प्रमोद गौतम कुर्सी पर बैठे थे, तभी अचानक बेहोश होकर नीचे गिर पड़े। गिरने से उनके सिर के बाएं हिस्से में चोट लगी और खून भी निकल आया। साथी शिक्षक उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र महोली लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
थानाध्यक्ष विजयेन्द्र सिंह ने बताया कि प्रमोद गौतम के परिवारजन हापुड़ से महोली पहुंच रहे हैं। शव को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में रखा गया है। परिवार के पहुंचने के बाद पोस्टमार्टम और आगे की कार्रवाई को लेकर निर्णय लिया जाएगा।









