प्रतापगढ़ के विधायक राजा भैया ने खरीदी 3.45 करोड़ रुपये की विश्वस्तरीय Lexus LX 500d SUV, काफिले में जुड़ी एक और लग्जरी कार

उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले की कुंडा सीट से लगातार सात बार के विधायक और जनसत्ता दल लोकतांत्रिक के राष्ट्रीय अध्यक्ष रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया एक बार फिर अपनी नई लग्जरी गाड़ी को लेकर सुर्खियों में आ गए हैं। राजा भैया ने हाल ही में 3.45 करोड़ रुपये की विश्वस्तरीय जापानी टेक्नोलॉजी वाली Lexus LX 500d SUV खरीदी है। इस 5-सीटर अल्ट्रा-लग्जरी कार में डुअल-टोन इंटीरियर, एडवांस टचस्क्रीन, वायरलेस चार्जिंग और कई अत्याधुनिक सुविधाएं दी गई हैं। राजा भैया के काफिले में इस शानदार गाड़ी के शामिल होते ही यह चर्चा का मुख्य विषय बन गई है।

गाड़ियों और नंबर प्लेट का है खास शौक
राजा भैया को महंगी गाड़ियों और घोड़ों का बेहद शौक है। उनके बेंती महल और लखनऊ आवास पर पहले से ही करोड़ों रुपये की गाड़ियां मौजूद हैं। इससे पहले साल 2025 में भी उन्होंने अपनी गाड़ियों के कलेक्शन में 4-सीटर लेक्सस LM350h अल्ट्रा-लग्जरी कार शामिल की थी। 16 अक्टूबर 2025 को खरीदी गई उस गाड़ी की एक्स-शोरूम कीमत 2.69 करोड़ रुपये थी। खास बात यह है कि राजा भैया गाड़ियों की नंबर प्लेट को लेकर भी बहुत ध्यान रखते हैं और उनके काफिले की सभी गाड़ियों का नंबर 0001 ही होता है।

रेंज रोवर से लेकर डिफेंडर तक का शानदार कलेक्शन
राजा भैया के कार कलेक्शन में पहले से ही साल 2023 में खरीदी गई रेंज रोवर ऑटोबायोग्राफी और साल 2020 में ली गई रेंज रोवर डिफेंडर शामिल है। बताया जाता है कि वह डिफेंडर यूपी की पहली डिफेंडर थी, जिसमें P300 2-लीटर टर्बोचार्ज्ड इंजन लगा है। यह गाड़ी पेट्रोल और डीजल दोनों वेरिएंट में आती है और हाईवे के साथ-साथ ऊबड़-खाबड़ रास्तों पर भी आसानी से दौड़ सकती है।

महंगे घोड़ों के भी शौकीन हैं राजा भैया
गाड़ियों के अलावा राजा भैया को शानदार घोड़े रखने का भी शौक है। उनके अस्तबल में कई बेहतरीन और महंगे घोड़े मौजूद हैं। कुछ महीने पहले ही उन्हें महाराष्ट्र से तोहफे में लगभग 1.5 करोड़ रुपये की कीमत का मारवाड़ी नस्ल का घोड़ा मिला था। ‘विजयराज’ नाम के इस घोड़े को महाराष्ट्र से प्रतापगढ़ तक एक एयर-कंडीशंड एम्बुलेंस में लाया गया था। भदरी किले में पारंपरिक तिलक समारोह के साथ इसका स्वागत किया गया था। अपनी मजबूत बनावट और शाही चाल के लिए मशहूर इस घोड़े के पास आधिकारिक पासपोर्ट भी है, जो अब बेंती राजभवन के अस्तबल की शान बढ़ा रहा है।

Related Articles

Back to top button