
मेरठ : उत्तर प्रदेश के मेरठ में पुलिस के नाम पर चल रहे एक बड़े फर्जीवाड़े का खुलासा हुआ है। यहां काफी समय से एक फर्जी पुलिस चौकी संचालित की जा रही थी। मामले की जानकारी सामने आने के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया।
टीपीनगर क्षेत्र में चल रही इस फर्जी पुलिस चौकी का खुलासा
बता दे कि ब्रह्मपुरी पुलिस ने कार्रवाई करते हुए टीपीनगर क्षेत्र में चल रही इस फर्जी पुलिस चौकी का खुलासा किया है। वही पुलिस ने मौके से फर्जी सिपाही, दारोगा और सीओ की भूमिका निभाने वाले लोगों को हिरासत में लिया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी लंबे समय से पुलिसकर्मी बनकर गतिविधियां चला रहे थे। हालांकि, यह फर्जी चौकी किस उद्देश्य से संचालित की जा रही थी और इसके पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं, इसकी जांच की जा रही है।
पूरे मामले की गहराई से जांच जारी
पुलिस इस मामले में हिरासत में लिए गए लोगों से पूछताछ कर रही है और पूरे नेटवर्क का पता लगाने में जुटी है। जांच के दौरान यह भी पता लगाया जा रहा है कि फर्जी पुलिस चौकी के जरिए किसी तरह की अवैध वसूली, धोखाधड़ी या अन्य आपराधिक गतिविधियों को अंजाम दिया गया या नहीं।ब्रह्मपुरी पुलिस की कार्रवाई के बाद अब इस पूरे मामले की गहराई से जांच की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।









