
लॉस एंजेलिस: हॉलीवुड अभिनेता और पूर्व अमेरिकी सांसद बेन जोन्स का 84 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। बेन जोन्स को CBS की लोकप्रिय एक्शन सीरीज ‘द ड्यूक्स ऑफ हैज़र्ड’ में उनके किरदार के लिए जाना जाता था। बाद में उन्होंने राजनीति में कदम रखा और अमेरिकी प्रतिनिधि सभा के सदस्य भी रहे।
बेन जोन्स की पत्नी अल्मा वायटर ने फेसबुक पोस्ट के जरिए उनके निधन की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि बेन जोन्स की मौत घर पर दिल का दौरा पड़ने से हुई, जब वह टेलीविजन पर बेसबॉल मैच देखने की तैयारी कर रहे थे।
अल्मा ने लिखा कि बेन उनकी जिंदगी का प्यार थे और उनका जीवन बेहद शानदार रहा। उन्होंने कहा कि बेन को बहुत से लोग प्यार करते थे और उनकी कमी हमेशा महसूस होगी।
बेन जोन्स ने ‘द ड्यूक्स ऑफ हैज़र्ड’ सीरीज में कूटर डेवन के किरदार से लोकप्रियता हासिल की थी। यह शो सात सीजन तक चला और जनवरी 1979 से फरवरी 1985 तक प्रसारित हुआ। इस सीरीज में उन्होंने 141 एपिसोड में काम किया।
शो की लोकप्रियता के बाद बेन जोन्स ने राजनीति में प्रवेश किया। वह डेमोक्रेटिक पार्टी से 1986 में कांग्रेस चुनाव लड़े, लेकिन करीबी मुकाबले में हार गए। दो साल बाद उन्होंने दोबारा चुनाव जीतकर अमेरिकी प्रतिनिधि सभा में जगह बनाई।
1994 में वह न्यूट गिंगरिच से चुनाव हार गए। बाद में उनके खिलाफ दर्ज एक नैतिक शिकायत ने 1998 में गिंगरिच के हाउस स्पीकर पद से इस्तीफे में भूमिका निभाई।









