दीक्षांत समारोह में राज्यपाल की वो सख्त टिप्पणी… और 10 महीने पहले ही कुलपति ने छोड़ दिया पद! जानें पूरा मामला

प्रयागराज। उत्तर प्रदेश राजर्षि टंडन मुक्त विश्वविद्यालय में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. सत्यकाम ने अपने कार्यकाल के समाप्त होने से करीब 10 महीने पहले ही पद से इस्तीफा दे दिया। कुलाधिपति एवं राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने उनका इस्तीफा स्वीकार कर लिया है। इसके साथ ही प्रो. राजेंद्र सिंह ‘रज्जू भैया’ राज्य विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. अखिलेश कुमार सिंह को मुक्त विश्वविद्यालय का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।

सूत्रों के मुताबिक, इस्तीफे की मुख्य वजह 17 जुलाई को आयोजित दीक्षांत समारोह से जुड़ी है। समारोह में राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने मंच से ही विश्वविद्यालय की व्यवस्थाओं पर कड़ी नाराजगी व्यक्त की थी और प्रो. सत्यकाम को राजभवन तलब करने की बात कही थी। माना जा रहा है कि राज्यपाल की इसी सार्वजनिक टिप्पणी से आहत होकर उन्होंने यह कदम उठाया, हालांकि उनके इस्तीफे की आधिकारिक वजह सामने नहीं आई है। बता दें कि प्रो. सत्यकाम को 5 जून 2024 को ही विश्वविद्यालय का कुलपति नियुक्त किया गया था। उनके अचानक पद छोड़ने से शिक्षा जगत में कई तरह की चर्चाएं गर्म हैं।

Related Articles

Back to top button